Kushinagar News : कपड़ा व्यापारी पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर हालत में गोरखपुर एम्स रेफर
Kushinagar News : कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सुकरौली में मंगलवार देर रात एक कपड़ा व्यापारी पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल व्यापारी को पहले प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें गोरखपुर एम्स रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सुकरौली नगर पंचायत के वार्ड नंबर 1 अंबेडकर गनेशपुर निवासी विपिन गुप्ता, जो सुकरौली से गनेशपुर जाने वाली नहर पटरी के किनारे AKBK Mens Wear नाम से कपड़ों की दुकान चलाते हैं, मंगलवार देर रात दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों के वहां पहुंचने और विवाद होने की बात सामने आई है।

पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर, कार्रवाई की मांग
पीड़ित द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गांव के ही मंजेश प्रजापति, मोहित प्रजापति और कृष्णा उर्फ किशन दुकान के पास पहुंचे और कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोप है कि तीनों ने व्यापारी को पकड़कर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावर व्यापारी की जेब में रखे दुकान की बिक्री के 8,039 रुपये निकालकर मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल व्यापारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुकरौली पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
मामले में पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सुकरौली चौकी प्रभारी सीबी पांडेय ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट : राजेन्द्र गुप्त

