दिल्ली के गोविंदपुरी में मां-बेटे की चाकू से गोदकर हत्या, घर से लाखों की नकदी और जेवर समेट ले गए हत्यारे
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ कालकाजी के गोविंदपुरी स्थित गली संख्या 10 में घुसकर बेखौफ बदमाशों ने मां और उसके 13 साल के मासूम बेटे की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे घर की अलमारी में रखे करीब 10 से 12 लाख रुपये कैश और कीमती गहने लूटकर रफूचक्कर हो गए। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 38 वर्षीय शारदा और उनके बेटे खुशाल (13) के रूप में हुई है, जो 7वीं कक्षा का छात्र था। वारदात की सूचना बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 1:11 बजे गोविंदपुरी थाने को पीसीआर कॉल के जरिए मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना प्रभारी और एसीपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि पीड़िता के पति विष्णु साहू, जो साप्ताहिक बाजारों में फल और सब्जी बेचने का कारोबार करते हैं, जब रात करीब 12:30 बजे काम से घर लौटे, तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। उन्होंने जैसे ही कुंडी खोलकर अंदर प्रवेश किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर उनकी पत्नी और बेटे की खून से सनी लाशें पड़ी थीं।
लूट के इरादे से आए थे हत्यारे, जांच में जुटी कई टीमें
क्राइम सीन को देखकर साफ है कि हत्यारे पूरी तैयारी और रेकी के साथ घर में दाखिल हुए थे। घर के सारे सामान बिखरे हुए थे और अलमारियों से जेवरात व कैश गायब थे। पुलिस फिलहाल इसे लूट के विरोध में की गई हत्या मानकर चल रही है, हालांकि रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं पर भी बारीकी से जांच की जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) और 309(6) (डकैती/लूट के दौरान हिंसा) के तहत केस दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों को दबोचने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और क्राइम ब्रांच व स्थानीय पुलिस की कई टीमें संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।
Also Read: बंगाल में स्कूलों के बाद अब मदरसों में भी गूंजेगा वंदे मातरम, शुभेंदु सरकार ने जारी किया फरमान

