क्या अब IPL खेल पाएंगे पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर? मिली इस देश की नागरिकता
Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर के करियर में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।
आमिर को अब ब्रिटिश नागरिकता मिल गई है, जिसके साथ ही उनके लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने की संभावनाएं खुल गई हैं।
सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ब्रिटिश सरकार ने उन्हें आधिकारिक तौर पर ब्रिटिश पासपोर्ट जारी कर दिया है।
गौरतलब है कि इंडियन प्रीमियर लीग में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के खेलने पर 2009 के बाद से प्रतिबंध है।
हालांकि, अब आमिर पाकिस्तान के बजाय ब्रिटिश नागरिक के रूप में IPL में खेलने के पात्र हो सकते हैं।
बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने पहले भी IPL में खेलने की इच्छा जाहिर की थी और अब उनका लक्ष्य IPL 2027 में हिस्सा लेना बताया जा रहा है।
पत्नी के कारण मजबूत हुआ नागरिकता का मामला
36 वर्षीय मोहम्मद आमिर को यह नागरिकता उनकी पत्नी नरगिस खान के कारण मिली, जो पहले से ही ब्रिटिश नागरिक हैं।
इसी आधार पर आमिर का नागरिकता आवेदन मजबूत हुआ और उन्हें ब्रिटिश पासपोर्ट प्राप्त हो सका। आमिर ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।

लेकिन वे लगातार फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सक्रिय हैं और हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में भी अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं।
पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी IPL में पहले भी खेले
हालांकि पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर IPL में प्रतिबंध है, लेकिन पाकिस्तानी मूल के कुछ खिलाड़ी नागरिकता बदलने के बाद इस लीग में खेल चुके हैं।
पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद, जो ब्रिटिश नागरिक हैं, IPL में पंजाब किंग्स के लिए खेल चुके हैं।
वहीं, पाकिस्तान में जन्मे लेकिन जिम्बाब्वे के लिए खेलने वाले सिकंदर रजा भी IPL का हिस्सा बन चुके हैं।
मोहम्मद आमिर का अंतरराष्ट्रीय करियर
मोहम्मद आमिर ने पाकिस्तान के लिए
- 36 टेस्ट में 119 विकेट
- 61 वनडे में 81 विकेट
- टी20 अंतरराष्ट्रीय में 71 विकेट अपने नाम किए हैं।
कुल टी20 क्रिकेट में आमिर ने 425 विकेट, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 266 विकेट और लिस्ट-ए क्रिकेट में 123 विकेट झटके हैं।
अब क्रिकेट जगत की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या ब्रिटिश नागरिकता के साथ मोहम्मद आमिर आने वाले समय में IPL में अपनी तेज गेंदबाजी का जलवा दिखा पाएंगे।
Also Read: BCCI ने किया 2026-27 घरेलू क्रिकेट सीजन का ऐलान, खेले जाएंगे 1,788 मैच

