मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का पहला बड़ा कैबिनेट विस्तार, मंत्रिमंडल में शामिल हुए 23 नए चेहरे
Sandesh Wahak Digital Desk: तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली नई सरकार ने गुरुवार को अपनी कैबिनेट का पहला बड़ा विस्तार किया है। इस फेरबदल के तहत कुल 23 नए मंत्रियों को मंत्रिपरिषद में जगह दी गई है। इस कैबिनेट विस्तार का मुख्य उद्देश्य खाली पड़े महत्वपूर्ण विभागों को भरना, प्रशासनिक व्यवस्था को गति देना और मुख्य सहयोगी दल कांग्रेस सहित गठबंधन के अन्य साथियों को सत्ता में उचित प्रतिनिधित्व देना है। हालिया विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई थी, जिसके बाद सहयोगियों और निर्दलीय विधायकों की मदद से सरकार का गठन हुआ था।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विजय ने बीते 10 मई को अपने 9 कैबिनेट मंत्रियों (एन. आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोत्तैयान, पी. वेंकटरमणन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु और एस. कीर्तना) के साथ पद की शपथ ली थी। हालांकि, 16 मई को हुए शुरुआती विभाग बंटवारे में वन, कृषि, राजस्व, आवास, सहकारिता और एमएसएमई जैसे कई भारी-भरकम और जरूरी महकमे किसी मंत्री को नहीं सौंपे गए थे, जिससे कैबिनेट विस्तार की सुगबुगाहट पहले से ही तेज थी।
राज्यपाल ने दिलाई शपथ, क्षेत्रीय संतुलन पर जोर
राजभवन में आयोजित एक भव्य और औपचारिक समारोह के दौरान तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने सभी 23 नवनियुक्त मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार की सबसे बड़ी राजनीतिक घटना यह रही कि कई दशकों के लंबे इंतजार के बाद तमिलनाडु सरकार में कांग्रेस की आधिकारिक तौर पर वापसी हुई है, जिसमें पार्टी के दो विधायकों को लालबत्ती मिली है। शपथ ग्रहण के दौरान वीसीके अध्यक्ष थोल. थिरुमावलवन समेत गठबंधन के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
कैबिनेट में शामिल हुए मंत्रियों की सूची
नवनियुक्त मंत्रियों में श्रीनाथ (थूथुकुडी), कमाली एस (अविनाशी), सी. विजयलक्ष्मी (कुमारपालयम), आरवी रंजीतकुमार (कांचीपुरम), विनोद (कुंभकोणम), राजीव (तिरुवदनाई), बी. राजकुमार (कुड्डालोर), वी. गांधीराज (अरक्कोणम), मथन राजा पी (ओट्टापिडारम), जगदेश्वरी के (राजपालयम), एम. विजय बालाजी (इरोड पूर्व), लोगेश तमिलसेल्वन डी (रासीपुरम), विजय तमिलन पार्थिबन ए (सेलम दक्षिण), रमेश (श्रीरंगम), कुमार आर (वेलाचेरी), थेन्नारासु के (श्रीपेरुम्बुदूर), वी. संपत कुमार (कोयंबटूर उत्तर), मोहम्मद फरवास जे (अरंथांगी), डी. सरथकुमार (तांबरम), एन. मैरी विल्सन (डॉ. राधाकृष्णन नगर) और विग्नेश के (किनाथुकडावु) शामिल हैं। इनके साथ ही कांग्रेस कोटे से राजेश कुमार एस (किल्लियूर) और केपी विश्वनाथन (मेलूर) ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इस विस्तार से राज्य में क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को साधने के साथ-साथ सरकार के कामकाज को रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

