East Bengal ISL Champion: 22 साल का इंतज़ार खत्म! ईस्ट बंगाल एफसी ने जीती इंडियन सुपर लीग 2026 की ट्रॉफी

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय फुटबॉल के सबसे प्रतिष्ठित क्लबों में शामिल East Bengal FC ने 22 साल के लंबे इंतजार के बाद इतिहास रच दिया है।

गुरुवार को कोलकाता के किशोर भारती क्रीड़ांगन में खेले गए निर्णायक मुकाबले में ईस्ट बंगाल ने Inter Kashi को 2-1 से हराकर पहली बार Indian Super League (ISL) 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।

मैच समाप्त होते ही स्टेडियम में मौजूद हजारों लाल-होलुद समर्थकों ने ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया। दबाव भरे इस मुकाबले में ईस्ट बंगाल ने शानदार वापसी करते हुए देश की शीर्ष फुटबॉल लीग की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

गोल अंतर ने दिलाया खिताब

ISL 2026 का खिताब अंतिम दौर तक बेहद रोमांचक बना रहा। ईस्ट बंगाल और Mohun Bagan Super Giant दोनों के 23-23 अंक थे, लेकिन बेहतर गोल अंतर (+18) की बदौलत ईस्ट बंगाल बाजी मारने में सफल रहा। मोहन बागान का गोल अंतर +13 रहा, जो अंततः निर्णायक साबित हुआ।

मुकाबले का पूरा हाल

मैच की शुरुआत ईस्ट बंगाल के लिए चुनौतीपूर्ण रही। 15वें मिनट में इंटर काशी के अल्फ्रेड ने गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। पहले हाफ में ईस्ट बंगाल ने कई मौके बनाए, लेकिन बराबरी नहीं कर सका।

दूसरे हाफ में लाल-होलुद टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। 50वें मिनट में स्टार स्ट्राइकर यूसेफ एजेज्जारी ने शानदार गोल कर स्कोर बराबर किया।

एजेज्जारी ने इस सीजन 13 मैचों में 11 गोल किए और गोल्डन बूट भी अपने नाम किया। इसके बाद 73वें मिनट में मोहम्मद राशिद ने विजयी गोल दागकर मैच का रुख पूरी तरह ईस्ट बंगाल के पक्ष में मोड़ दिया।

22 साल बाद बड़ी ट्रॉफी

ईस्ट बंगाल ने इससे पहले 2003-04 सीजन में नेशनल फुटबॉल लीग का खिताब जीता था। अब 22 साल बाद क्लब ने फिर से देश की सबसे बड़ी लीग ट्रॉफी जीतकर अपने करोड़ों समर्थकों का इंतजार खत्म कर दिया है।

बदले फॉर्मेट में ऐतिहासिक जीत

इस सीजन ISL का फॉर्मेट बदला हुआ था। टूर्नामेंट सिंगल-लेग राउंड-रॉबिन आधार पर खेला गया, जिसमें सभी टीमों ने 13-13 मुकाबले खेले और कोई प्लेऑफ नहीं हुआ। लीग टेबल में शीर्ष पर रहने वाली टीम को सीधे चैंपियन घोषित किया गया।

पूरे सीजन लगातार दमदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट बंगाल ने न सिर्फ ट्रॉफी जीती, बल्कि भारतीय फुटबॉल के इतिहास में एक नया सुनहरा अध्याय भी जोड़ दिया।

Also Read: CSK पर BCCI का एक्शन, चुकानी पड़ी स्लो ओवर-रेट की कीमत, कप्तान गायकवाड़ पर दोगुना जुर्माना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.