पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को मिल रही जान से मारने की धमकियां
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने हाथों से बनी ‘झालमुड़ी’ खिलाकर रातोंरात सुर्खियों में आए स्थानीय दुकानदार बिक्रम साव अब गंभीर संकट में हैं। बिक्रम को अब विदेशी और अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। बताया जा रहा है कि उनके मोबाइल पर पाकिस्तान और बांग्लादेश से धमकी भरे फोन कॉल्स और व्हाट्सएप वीडियो कॉल्स आ रहे हैं। इस अचानक पैदा हुए खौफ के बाद से बिक्रम साव का पूरा परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है। जो लोकप्रियता उनके लिए गर्व की बात थी, वह अब उनके लिए जी का जंजाल बन चुकी है।
अचानक बिक्रम की दुकान पर रुके थे पीएम मोदी
यह पूरा मामला 19 अप्रैल का है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झाड़ग्राम में एक चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। जनसभा खत्म होने के बाद जब पीएम मोदी का काफिला वापस लौट रहा था, तभी वे अचानक सड़क किनारे झालमुड़ी बेचने वाले बिक्रम साव की दुकान पर रुक गए। पीएम मोदी ने बड़े चाव से बिक्रम के हाथ की बनी झालमुड़ी खाई और उनसे बातचीत भी की।
प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात का वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर भी साझा किया था, जो देखते ही देखते देश भर में वायरल हो गया। इसके बाद जब बंगाल चुनाव के नतीजों में भाजपा को पहली बार पूर्ण बहुमत मिला और सरकार बनी, तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर जश्न मनाते हुए जनता को झालमुड़ी भी बांटी थी।
Jhargram, West Bengal: The Jhalmuri vendor, who had once served jhalmuri to the Prime Minister Narendra Modi, has claimed that he is receiving threats from Pakistan and Bangladesh
Jhalmuri vendor Vikram Sao says, "They are calling from Pakistan and threatening that they will… pic.twitter.com/xJOe4cwuQI
— IANS (@ians_india) May 22, 2026
विदेशी नंबरों से आ रहे हैं व्हाट्सएप कॉल
दुकानदार बिक्रम साव का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उनके फोन पर लगातार अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकियां दी जा रही हैं। उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने और अंजाम भुगतने की बात कही जा रही है। बिक्रम ने बिना देरी किए इस पूरे मामले की लिखित शिकायत स्थानीय पुलिस प्रशासन को दे दी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर से जुड़े इस संवेदनशील मामले को देखते हुए पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से स्थानीय इलाके में भी सुरक्षा को लेकर चिंता और तनाव का माहौल है।

