Siddharthnagar News: ग्राम चौपाल में सुनी गईं ग्रामीणों की शिकायतें, डीएम ने कहा- हर पात्र को मिले आयुष्मान का लाभ
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ग्राम चौपाल-गांव की समस्या, गांव में समाधान के तहत सिद्धार्थनगर का जिला प्रशासन सीधे जनता की चौखट पर पहुंचा। विकास खंड नौगढ़ की ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर-14 में आयोजित इस विशेष चौपाल में जिलाधिकारी (डीएम) शिवशरणप्पा जीएन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान डीएम ने न सिर्फ लोगों की शिकायतें और परेशानियां सुनीं, बल्कि मौके पर मौजूद संबंधित महकमों के अधिकारियों को उनके तुरंत निपटारे के कड़े निर्देश भी दिए।
किसानों और पेंशनधारकों की समस्याओं पर कड़े निर्देश
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने खुद ग्रामीणों से बातचीत कर यह जाना कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। ग्रामीणों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद डीएम ने अधिकारियों को हिदायत दी कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचना चाहिए।

स्वास्थ्य और कृषि से जुड़े मामलों पर विशेष फोकस
डीएम ने अधिकारियों को गांव में छूटे हुए लोगों के आयुष्मान कार्ड जल्द से जल्द बनाने के निर्देश दिए, ताकि गरीब परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल सके। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि, जमीन की पैमाइश, वरासत और आपसी भूमि विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों से ‘फार्मर रजिस्ट्री’ कराने का भी आग्रह किया गया। वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन के मामलों में पारदर्शिता बरतते हुए पात्र लोगों को समय पर आर्थिक मदद मुहैया कराने की बात कही गई।

बिजली और राशन वितरण में पारदर्शिता के निर्देश
चौपाल में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने ग्रामीण महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने की अपील की। इसके अलावा, बिजली विभाग की एकमुश्त समाधान योजना, कोटेदार द्वारा राशन वितरण में पारदर्शिता और समय पर जाति, आय व निवास प्रमाण पत्र जारी करने के लिए संबंधित पटल के बाबुओं को जवाबदेह बनाया गया।
इस अनूठे आयोजन में विभिन्न सरकारी विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारियां दीं। इसी मंच पर जिलाधिकारी ने बाल विकास पुष्टाहार विभाग की ओर से आयोजित गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोदभराई की रस्म भी पूरी की।
इस मौके पर एसडीएम नौगढ़ राहुल सिंह, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह समेत भारी संख्या में ग्राम प्रधान और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Siddharthnagar News: जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, डीएम खुद करेंगे मकानों की गणना का निरीक्षण

