1 जून से महंगी होंगी मारुति सुजुकी की गाड़ियां, 30 हजार रुपये तक बढ़ेंगी कीमतें

Maruti Suzuki Car Price Hike : देश में महंगाई के बीच ऑटोमोबाइल ग्राहकों को एक और बड़ा झटका लगने वाला है। देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने 1 जून 2026 से अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है। कंपनी के मुताबिक, उसके पोर्टफोलियो के सभी मॉडलों की कीमत में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की जाएगी।

मारुति सुजुकी इंडिया ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि बढ़ती मुद्रास्फीति और प्रतिकूल लागत के माहौल के चलते यह फैसला लिया गया है। कंपनी का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से वह लागत कम करने के उपायों के जरिए दबाव को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अब कीमत बढ़ाना जरूरी हो गया है।

सभी मॉडल प्रभावित, नई कीमतों का इंतजार

कंपनी ने कहा है कि बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा अब ग्राहकों तक पहुंचाना पड़ेगा, हालांकि कोशिश यही रहेगी कि इसका असर न्यूनतम रखा जाए। फिलहाल कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि किस मॉडल की कीमत में कितनी बढ़ोतरी होगी।

इस समय मारुति सुजुकी की गाड़ियों की कीमत एंट्री लेवल S-Presso से लेकर प्रीमियम यूटिलिटी व्हीकल Invicto तक करीब 3.49 लाख रुपये से 28.7 लाख रुपये के बीच है। आने वाले दिनों में कंपनी सभी मॉडलों की नई कीमतों की सूची जारी कर सकती है।

गौरतलब है कि इससे पहले कंपनी ने टैक्स बदलाव और लागत के आधार पर कई मॉडलों की कीमतों में संशोधन किया था। अब 1 जून से लागू होने वाली नई कीमतों का असर कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों की जेब पर साफ दिखाई दे सकता है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.