यूपी बोर्ड ने बदले कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट परीक्षा के नियम, लागू होगी नई व्यवस्था
UP Board Exam Rules : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की कंपार्टमेंट और इंप्रूवमेंट परीक्षा व्यवस्था में बड़ा नीतिगत बदलाव किया है। बोर्ड मुख्यालय प्रयागराज से मिली जानकारी के अनुसार, परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सख्त बनाने के लिए नए नियमों को मंजूरी दे दी गई है। यह नई व्यवस्था सत्र 2026 से पूरी तरह लागू होगी।
नए नियमों के तहत अब यदि कोई छात्र किसी एक भी विषय में फेल होता है, तो वह इंप्रूवमेंट परीक्षा (अंक सुधार परीक्षा) में शामिल नहीं हो सकेगा। हाईस्कूल में केवल वही छात्र इंप्रूवमेंट परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे, जो सभी विषयों में पास हों और सिर्फ किसी एक विषय में अपने अंक सुधारना चाहते हों।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों पर लागू होंगे नए नियम
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किसी एक विषय में असफल होने वाले छात्रों को केवल कंपार्टमेंट परीक्षा देने का अवसर मिलेगा, इंप्रूवमेंट परीक्षा का नहीं। यह नया नियम हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों स्तरों पर समान रूप से लागू होगा।
बोर्ड का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को मजबूत करना और छात्रों को सभी विषयों में समान रूप से मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस फैसले के बाद छात्रों और स्कूलों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी नए नियमों को ध्यान में रखकर करनी होगी।

