चीन की कोयला खदान में ब्लास्ट, मरने वालों का आंकड़ा 90 पहुंचा, कई मजदूर अब भी लापता
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तरी चीन के शांक्सी प्रांत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ लियुशेनयु कोयला खदान में हुए भयानक गैस विस्फोट में जान गंवाने वाले मजदूरों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है। शुक्रवार देर रात किनयुआन काउंटी में हुए इस हादसे के वक्त खदान के भीतर 247 श्रमिक काम कर रहे थे। मलबे में अभी भी कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है, जिसके चलते राहत और बचाव दल लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।

कंपनी के अधिकारी हिरासत में
चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को खोज अभियान में पूरी ताकत झोंकने और घायलों को उच्च स्तरीय इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ किया है कि हादसे की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी इस निर्देश का समर्थन करते हुए जनता तक सटीक जानकारी पहुंचाने और जवाबदेही तय करने की बात कही है। इस बीच, सरकारी मीडिया शिन्हुआ के अनुसार, खदान का संचालन करने वाली कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। गौरतलब है कि शुरुआत में केवल आठ लोगों की मौत की खबर दी गई थी, लेकिन अचानक मौतों का आंकड़ा 90 तक पहुंचने पर प्रशासन की तरफ से कोई स्पष्ट स्पष्टीकरण नहीं आया है। पिछले एक दशक में चीन के भीतर यह सबसे विनाशकारी खदान हादसों में से एक माना जा रहा है।
Also Read: शाहे बेखबर और बिन पेंदी का लोटा, मायावती के बहाने ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला

