अखिलेश यादव का भाजपा और संगी-साथियों पर तीखा तंज, अदृश्य शस्त्रों की जांच की मांग
Lucknow News: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और उससे जुड़े संगठनों पर चौतरफा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जिस तरह असली हथियारों के लाइसेंस की कानूनी जांच होती है, उसी तरह देश के सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वाले अदृश्य शस्त्रों और गुप्त गतिविधियों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सपा प्रमुख ने वकीलों और जनता के हवाले से सवाल उठाया कि भाजपा नेताओं और उनके सहयोगियों की संपत्तियों, विदेशी दौरों, अवैध निर्माणों और विभिन्न आयोजनों व आपदाओं के नाम पर जुटाए गए चंदे की ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए।
उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि बिना रजिस्ट्रेशन के जमीनें किसके नाम पर ली जा रही हैं और इन अवैध निर्माणों को कार्यालय कहा जाए या अड्डा? उन्होंने इन संगठनों के इतिहास पर भी सवाल खड़े किए। इसके साथ ही, अखिलेश यादव ने प्रदेश में चल रहे गंभीर बिजली संकट को लेकर भी भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया।
उन्होंने जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि इस असहनीय बिजली कटौती के लिए कनिष्ठ कर्मचारियों या संविदा पर काम कर रहे लाइनमैनों को जिम्मेदार न ठहराया जाए, क्योंकि वे पहले से ही छंटनी और भारी दबाव के बीच काम कर रहे हैं। इस ‘महा विद्युत आपदा’ के लिए सीधे तौर पर भाजपा सरकार, बिजली मंत्री, सत्ताधारी सांसद, विधायक और विभाग के उच्च अधिकारी जिम्मेदार हैं। उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि बिजली आने पर मोबाइल और टॉर्च चार्ज रखें, साथ ही अंधेरे का फायदा उठाने वाले असामाजिक तत्वों से अपने परिवार, वाहनों और मवेशियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
Also Read: सेवामित्र पोर्टल और रोजगार मेलों से युवाओं को मिलेंगे नौकरी के नए अवसर: सीएम योगी

