IPL 2026: MS धोनी के चलते CSK को नहीं मिल पा रहा नया कोच? टीम के बाहर होते ही बड़ा दावा
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल में Chennai Super Kings और MS Dhoni का रिश्ता पिछले करीब दो दशकों से अटूट रहा है।
लेकिन IPL 2026 का सीजन इस मायने में अलग साबित हुआ, जब चेन्नई सुपर किंग्स एक बार फिर प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही और टीम के भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े हो गए।
IPL 2026 के आखिरी लीग मुकाबले में CSK को गुजरात टाइटंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ ही टीम का सफर समाप्त हो गया।
यह लगातार तीसरा सीजन है, जब चेन्नई प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी। इस दौरान टीम का प्रदर्शन कमजोर नजर आया और खुद एमएस धोनी भी टीम का हिस्सा होते हुए मैदान से काफी हद तक दूर दिखे।
कोचिंग को लेकर बड़ा खुलासा
टीम के बाहर होते ही अब CSK की कोचिंग व्यवस्था को लेकर एक सनसनीखेज दावा सामने आया है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक दावेदार ने CSK का कोच बनने में रुचि तो दिखाई, लेकिन उसने यह स्पष्ट किया कि जब तक एमएस धोनी फ्रेंचाइजी से जुड़े रहेंगे, वह यह जिम्मेदारी स्वीकार नहीं कर सकता।

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि फ्रेंचाइजी के भीतर धोनी का प्रभाव, उनका रुतबा और भविष्य को लेकर जारी अनिश्चितता कोच बनने की राह में बड़ी बाधा बन रही है।
संभावित कोच को यह आशंका है कि धोनी की मौजूदगी में स्वतंत्र रूप से फैसले लेना आसान नहीं होगा।
CSK ने खुद भी कोच को किया था इंतजार
रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि पिछले साल एक जाने-माने भारतीय कोच ने CSK से जुड़ने की संभावनाएं टटोली थीं।
उस कोच के फ्रेंचाइजी के वरिष्ठ सदस्यों से अच्छे संबंध भी बताए जाते हैं, लेकिन तब CSK ने ही उसे इंतजार करने को कहा था। नतीजतन, टीम अब भी अपने मौजूदा कोचिंग सेटअप के साथ आगे बढ़ रही है।
फिलहाल CSK के हेड कोच न्यूजीलैंड के दिग्गज Stephen Fleming हैं, जो साल 2009 से इस भूमिका में हैं। हालांकि, लगातार असफलताओं के बाद अब फ्रेंचाइजी के भीतर बदलाव की मांग तेज हो रही है।
बदलाव की दहलीज पर CSK
IPL 2026 के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद यह साफ है कि चेन्नई सुपर किंग्स एक बड़े बदलाव के दौर में खड़ी है। खिलाड़ी चयन से लेकर नेतृत्व और कोचिंग तक, हर मोर्चे पर फैसलों की जरूरत है।
ऐसे में आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि CSK एमएस धोनी की भूमिका को लेकर क्या रुख अपनाती है और क्या फ्रेंचाइजी नई सोच के साथ आगे बढ़ पाती है या नहीं।

