सुप्रीम कोर्ट ने कहा- ट्विशा की मौत अप्राकृतिक, सच्चाई सामने आना जरूरी
Twisha Sharma Case : भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सर्वोच्च अदालत ने कहा कि ट्विशा की मौत एक अप्राकृतिक घटना है और इस मामले की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। कोर्ट ने भरोसा जताया कि जांच एजेंसियां मामले की सच्चाई तक जरूर पहुंचेंगी।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच इस मामले की सुनवाई कर रही है। बेंच में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचौली भी शामिल हैं। सुनवाई के दौरान अदालत ने कुछ बातों पर नाराजगी भी जताई और कहा कि यह सुनकर दुख होता है कि न्यायपालिका पर निष्पक्ष सुनवाई नहीं होने देने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं।
जांच में सहयोग की उम्मीद, मीडिया को भी दी जिम्मेदारी की नसीहत
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उसे भरोसा है कि पीड़ित और आरोपी दोनों पक्ष जांच में पूरा सहयोग करेंगे। अदालत ने स्पष्ट किया कि चाहे जांच राज्य एजेंसी करे या सीबीआई, मामले को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा और सच्चाई सामने लाई जाएगी।
सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलील दी कि ट्विशा की सास गिरिबाला जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं और जांच प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न कर रही हैं। वहीं, अदालत ने मीडिया को भी जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग करने की सलाह दी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किसी एक पक्ष के बयान के आधार पर सनसनीखेज दावे करने से बचना चाहिए।

