बिजली के तारों पर कपड़े सुखाने के बयान पर अखिलेश का पलटवार, बोले- अगले चुनाव में जनता भाजपा को धो-पटककर सुखा देगी

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में जारी भीषण बिजली संकट अब एक बड़े सियासी दंगल में तब्दील हो चुका है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘बिजली के तारों पर कपड़े सुखाने’ वाले बयान पर तीखा पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए सरकार को घेरते हुए तंज कसा कि सूबे की जनता अगले चुनाव में भाजपा को अच्छी तरह धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।

सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों पर सवाल उठाते हुए एक बड़ा राजनीतिक दावा भी कर दिया। उन्होंने लिखा, यह साफ किया जाना चाहिए कि मुख्यमंत्री की बिजली संकट को लेकर होने वाली बैठकों में ऊर्जा मंत्री खुद नहीं आते या फिर उन्हें जानबूझकर बुलाया नहीं जाता है? अगर वे आते हैं, तो माननीय मुख्यमंत्री से अनुरोध है कि वे उनके कंधे पर हाथ रखकर एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दें। इससे जनता को कम से कम उनकी आपसी गर्मी से राहत मिल जाएगी, क्योंकि प्रदेश की जनता ने इन दोनों नेताओं को कभी एकांत में साथ नहीं देखा है। अखिलेश ने सरकार पर हमला जारी रखते हुए कहा कि आज भाजपा राज में बिजली सब-स्टेशनों की सुरक्षा के लिए पीएसी लगानी पड़ रही है, और खुद भाजपा के ही सांसद-विधायक अपनी सरकार को पत्र लिखकर जनता के गुस्से से बचने का कायराना रास्ता ढूंढ रहे हैं।

विपक्ष के राज में तारों पर सूखते थे कपड़े: सीएम योगी

इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रदेश में चल रहे बिजली संकट की समीक्षा करते हुए विपक्ष पर जोरदार हमला बोला था। उन्होंने अतीत का जिक्र करते हुए कहा कि आज वे लोग बिजली व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, जिनके शासनकाल में बिजली के तारों पर सिर्फ कपड़े सुखाने का काम किया जाता था। सीएम ने भरोसा दिलाया कि डबल इंजन की सरकार इस समस्या का भी स्थाई समाधान तलाश रही है।

Also Read: एक विद्यार्थी से जामिया के रजिस्ट्रार तक, प्रो. एम. डी. महताब आलम रिजवी की यात्रा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.