पूर्व विधायक इरफान सोलंकी पर केस दर्ज, बकरा मंडी विवाद में दोनों पक्षों ने कराई FIR
Kanpur News : समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। कानपुर के चमनगंज थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इरफान सोलंकी और उनके साथियों पर हलीम ग्राउंड में लगने वाली बकरा मंडी की कमेटी के पदाधिकारी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। कमेटी के पदाधिकारी की शिकायत पर बुधवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, सपा विधायक नसीम सोलंकी के गनर की तहरीर पर भी तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बकरा मंडी में वसूली के आरोप के बीच हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, बकरीद को लेकर इन दिनों बकरा बाजारों में काफी चहल-पहल है और देर रात तक मंडियां संचालित हो रही हैं। मंगलवार देर रात चमनगंज थाना क्षेत्र स्थित हलीम मुस्लिम इंटर कॉलेज में बकरा मंडी लगी थी। बताया जा रहा है कि इरफान सोलंकी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे थे।
इरफान सोलंकी का कहना है कि उन्हें मंडी में आने वाले ग्राहकों और कारोबारियों से कथित वसूली की शिकायत मिली थी, जिसके बाद वह सपा विधायक नसीम सोलंकी के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वसूली का विरोध करने पर बकरा बाजार कमेटी के पदाधिकारी फैज अब्बास, सैम और उनके साथियों के साथ विवाद हो गया, जो बाद में हाथापाई में बदल गया।
विधायक के गनर की वर्दी फाड़ने और कार्बाइन छीनने की कोशिश का आरोप
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान विधायक के गनर अजीम अहमद ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। शिकायत में गनर की वर्दी फाड़ने और कार्बाइन छीनने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। इस मामले में डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्व विधायक इरफान सोलंकी के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। वहीं विधायक के गनर की शिकायत पर तीन नामजद लोगों के खिलाफ भी मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

