बरेली में जोगीठेर हत्याकांड का दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में अपराधियों और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत सीबीगंज थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जोगीठेर गांव में हुए सनसनीखेज हरिओम तिवारी हत्याकांड में फरार चल रहे सह-आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

यह वारदात 19 अप्रैल, 2026 को ग्राम जोगीठेर के रहने वाले हरिओम तिवारी (पुत्र हरिनन्दन) ने शराब के नशे में धुत होकर आरोपी के घर के पास जाकर गाली-गलौज शुरू कर दी थी। इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपी हरीश कुमार कश्यप उर्फ नन्होरी और उसके 62 वर्षीय पिता रामदास कश्यप ने लाठी-डंडों से हरिओम तिवारी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हरिओम तिवारी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। इस संबंध में मृतक की मां निर्मला देवी की तहरीर पर 20 अप्रैल, 2026 को सीबीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुकदमे में जुड़ी हत्या की धारा

पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में यह मामला मारपीट और अन्य धाराओं में दर्ज हुआ था, लेकिन पीड़ित की मौत के बाद विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 103(1) BNS (हत्या) की बढ़ोत्तरी की गई। मामले के मुख्य आरोपी हरीश कुमार कश्यप उर्फ नन्होरी को सीबीगंज पुलिस ने पहले ही 1 मई 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसका पिता रामदास लगातार फरार चल रहा था।

29 मई, 2026 को सीबीगंज थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग और वांछितों की तलाश में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि घटना का दूसरा वांछित आरोपी रामदास कश्यप कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए पस्तौर मोड़ से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की और आरोपी रामदास कश्यप (62 वर्ष) को धर दबोचा। इस कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी, कांस्टेबल निकुल बालियान, कांस्टेबल रितविक और कांस्टेबल आकाश राणा शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Lucknow News: चारबाग स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 पर टीन शेड गिरने से मची अफरा-तफरी, कई यात्री घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.