सीएम योगी ने मऊ को दी विकास परियोजनाओं की सौगात, बोले- अब खुली जीप में धमकी नहीं दे सकते माफिया
Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के मधुबन विधानसभा क्षेत्र स्थित पाती के गांधी मैदान में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले की सरकारें माफिया और गुंडों के सामने नतमस्तक रहती थीं और नाक रगड़ती थीं, लेकिन आज कानून का राज है। अब कोई भी माफिया खुली जीप में घूमकर किसी हिंदू या आम नागरिक को धमकी नहीं दे सकता।
धार्मिक आयोजनों में बाधा डाली, तो कंस-रावण जैसी होगी दुर्गति
मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रामलीला, रामनवमी, शिवरात्रि और रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्वों में यदि किसी ने भी व्यवधान डालने की कोशिश की, तो उसकी रावण और कंस जैसी दुर्गति होना तय है। यदि किसी ने बेटी की अस्मत या व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने का दुस्साहस किया, तो अगले चौराहे पर यमराज उसका इंतजार कर रहे होंगे।
आज माफिया खुली जीप में पिस्तौल लहराते हुए किसी हिंदू को धमका नहीं सकता है… pic.twitter.com/O8GEEV3pEx
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 29, 2026
21 साल पुराने मऊ दंगे को किया याद
सीएम योगी ने साल 2005 (21 वर्ष पहले) मऊ के ऐतिहासिक भरत मिलाप के दौरान हुए दंगों का जिक्र करते हुए तत्कालीन सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, उस समय की सरकार दंगाइयों और माफिया के सामने घुटने टेक चुकी थी। विकास जाति पूछकर नहीं होता और न ही कोई जाति पूछकर सड़क पर चलता है। 2017 से पहले प्रदेश में सिर्फ लूट-खसोट का माहौल था और धार्मिक आयोजनों को निशाना बनाया जाता था।
विपक्ष पर कल्याणकारी योजनाओं को रोकने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीबों के हक का राशन सपा और कांग्रेस के गुंडे डकार जाते थे, लेकिन आज डबल इंजन की सरकार में पात्र लाभार्थियों को पूरी पारदर्शिता के साथ मुफ्त राशन मिल रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि विपक्ष ने गरीबों के घरों में शौचालय क्यों नहीं बनवाए? आज भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश के अंदर 3 करोड़ से अधिक परिवारों को मुफ्त शौचालय की सुविधा दी है, गरीबों को आवास दिए हैं और ‘किसान दुर्घटना बीमा योजना’ का लाभ महज 24 घंटे के भीतर सीधे किसानों को मिल रहा है।
पीएम मोदी के लिए केवल 4 जातियां: सीएम योगी ने कहा कि साल 2014 में देश की बागडोर संभालने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए देश में केवल चार ही जातियां हैं- गरीब, युवा, नारी और अन्नदाता (किसान)। हमारी सभी योजनाएं इन्हीं को सशक्त करने के लिए हैं।
मऊ को मिली 392 करोड़ रुपये की सौगात
इस ऐतिहासिक रैली के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ जनपद के विकास को नई रफ्तार देते हुए विभिन्न विकास परियोजनाओं से संबंधित 392 करोड़ रुपये की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर जनसभा को प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा, प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान और मधुबन विधायक राम विलास चौहान समेत कई दिग्गज नेताओं ने भी संबोधित किया।
Also Read: बरेली में जोगीठेर हत्याकांड का दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

