15 साल के वैभव सूर्यवंशी को मिला सम्मान, इस रोल में आएंगे नजर, हुआ बड़ा ऐलान
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में धूम मचाने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब झारखंड सरकार के स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का चेहरा बनेंगे।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि वैभव सूर्यवंशी को जल्द ही झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया जाएगा।
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव लगातार सुर्खियों में रहे।
उनकी लोकप्रियता और युवाओं के बीच बढ़ते प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार ने उन्हें स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली के प्रचार-प्रसार से जोड़ने का फैसला किया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने सोशल मीडिया पर किया ऐलान
डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि विश्व क्रिकेट में अपनी प्रतिभा और आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को झारखंड में सम्मानित किया जाएगा।

साथ ही उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा।
उन्होंने लिखा कि भले ही राजस्थान रॉयल्स खिताब जीतने में सफल नहीं रही, लेकिन वैभव ने अपने प्रदर्शन से करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों के खिलाफ जिस आत्मविश्वास और साहस के साथ वैभव ने बल्लेबाजी की, वह प्रेरणादायक है।
युवाओं को देंगे फिटनेस और स्वास्थ्य का संदेश
डॉ. अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का काम करेगा।
उनका मानना है कि वैभव जैसे युवा खिलाड़ी नई पीढ़ी के लिए रोल मॉडल बन सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि वैभव ने केवल अपना ही नहीं बल्कि अपने परिवार, बिहार और पूरे देश का नाम रोशन किया है। आने वाले वर्षों में वह भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
आईपीएल 2026 में रहा शानदार प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 776 रन बनाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
उनकी दमदार बल्लेबाजी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स क्वालिफायर-2 तक पहुंचने में सफल रही। शानदार प्रदर्शन के बाद अब उन्हें भारतीय टीम में शामिल किए जाने की मांग भी तेज हो गई है।
आईपीएल के बाद वैभव सूर्यवंशी का चयन श्रीलंका दौरे पर जाने वाली इंडिया-ए टीम में हुआ है।
ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब उनके अगले प्रदर्शन पर टिकी होंगी, जहां वह एक बार फिर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आएंगे।

