यूपी फतह के लिए चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ से फूंका बिगुल, सत्ता परिवर्तन यात्रा के जरिए 2027 की बिसात बिछानी शुरू

Lucknow News: नगीना लोकसभा सीट से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में नवाबों के शहर लखनऊ से ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ का शंखनाद हो चुका है। पार्टी की इस सियासी यात्रा के जरिए उत्तर प्रदेश की सत्ता में बदलाव लाने और दलित-पिछड़ा समाज को उनके वाजिब हक दिलाने का दावा किया जा रहा है।

पार्टी के प्रदेश सचिव अनिकेत धानुक ने चंद्रशेखर आजाद के इस लखनऊ दौरे को बेहद अहम बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष यहाँ न सिर्फ जनता के अधिकारों के लिए हुंकार भर रहे हैं, बल्कि पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों और रणनीतिकारों के साथ बैठक कर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का पूरा रोडमैप भी तैयार कर रहे हैं।

यूपी फतह के लिए चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ से फूंका बिगुल

अस्थि कलश को हाथ भी लगाया तो बर्दाश्त नहीं करेंगे

सत्ता परिवर्तन के दावों के बीच आजाद समाज पार्टी ने लखनऊ के एक बेहद संवेदनशील मुद्दे पर सरकार को सीधे तौर पर घेरा है। पार्टी के प्रदेश सचिव अनिकेत धानुक ने आरोप लगाया कि लखनऊ के विधानसभा मार्ग पर स्थापित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अस्थि कलश केंद्र को वहां से दूसरी जगह शिफ्ट करने की प्रशासनिक साजिश रची जा रही है। एएसपी ने इस कदम का पुरजोर विरोध करते हुए साफ कर दिया है कि बाबा साहब के प्रति करोड़ों लोगों की अटूट आस्था है, और उनके मान-सम्मान के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

चंद्रशेखर आजाद की अगुवाई में पार्टी ने चेतावनी दी है कि इस अस्थि कलश को मूल स्थान से हटाने की कोशिश करने वाले लोग सीधे तौर पर संविधान विरोधी हैं। जिन्हें देश के संविधान और बाबा साहब की विरासत से परेशानी है, वही इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि वे इस फैसले के खिलाफ सड़क पर उतरने से लेकर संसद और सदन के भीतर तक पुरजोर तरीके से आवाज उठाएंगे और बाबा साहब की इस पावन धरोहर को आंच भी नहीं आने देंगे।

Also Read: दिल्ली दहलाने की साजिश नाकाम, स्पेशल सेल ने ISI और मुंबई अंडरवर्ल्ड के 9 गुर्गों को दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.