IPL 2026: इतिहास रचने की दहलीज पर RCB, ट्रॉफी जीतते ही MI-CSK के खास क्लब में होगी एंट्री
Sandesh Wahak Digital Desk: IPL 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई (रविवार) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
खिताब की इस जंग में रजत पाटीदार की कप्तानी वाली RCB लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
RCB ने पिछले सीजन यानी 2025 में अपना पहला IPL खिताब जीता था। अब अगर टीम 2026 में भी ट्रॉफी अपने नाम करती है, तो वह लगातार दो IPL खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन जाएगी।
लगातार दो ट्रॉफी जीतने का खास क्लब
अब तक यह कारनामा सिर्फ दो टीमें ही कर सकी हैं।
- चेन्नई सुपर किंग्स ने एमएस धोनी की कप्तानी में 2010 और 2011 में लगातार दो बार IPL ट्रॉफी जीती थी।
- वहीं मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की अगुवाई में 2019 और 2020 में लगातार खिताब अपने नाम किए थे।
पाटीदार के पास सुनहरा मौका
अब RCB के कप्तान रजत पाटीदार के पास इस एलीट क्लब में टीम को शामिल कराने का सुनहरा मौका है। पाटीदार पहले ही RCB को उसका पहला IPL खिताब दिलाने वाले कप्तान बन चुके हैं।

उनसे पहले विराट कोहली सहित कई दिग्गजों ने टीम की कप्तानी की, लेकिन खिताब का सपना पूरा नहीं हो सका था।
IPL 2026 में RCB का दमदार प्रदर्शन
IPL 2026 में बेंगलुरु का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। टीम ने लीग स्टेज के 14 मैचों में से 9 में जीत दर्ज की, जबकि 5 मुकाबलों में हार का सामना किया।
इस दमदार प्रदर्शन के दम पर RCB ने पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहते हुए लीग स्टेज समाप्त किया। इसके बाद क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराकर टीम ने सीधे फाइनल में जगह बनाई।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या RCB 2026 में भी ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच पाएगी, या गुजरात टाइटंस दूसरी बार IPL चैंपियन बनकर उसकी राह रोक देगी।
Also Read: Asian Games 2026: सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल बाहर, वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार एंट्री

