बड़े पर्दे पर लौटेगी मिर्जापुर की दुनिया, श्वेता त्रिपाठी ने दिया फिल्म पर बड़ा हिंट
Sandesh Wahak Digital Desk: OTT की सबसे चर्चित वेब सीरीज में शुमार मिर्जापुर अब बड़े पर्दे पर दर्शकों से रूबरू होने जा रही है।
तीन सफल सीजन के बाद मेकर्स ने ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ का ऐलान किया है, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म में एक बार फिर कालेन भैया और गुड्डू पंडित जैसे आइकॉनिक किरदार नजर आएंगे।
इसी बीच सीरीज में गोलू गुप्ता का दमदार किरदार निभाने वाली श्वेता त्रिपाठी ने फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट साझा किया है।
‘मिर्जापुर ने मेरी किस्मत बदल दी’
श्वेता त्रिपाठी ने माना कि ‘मिर्जापुर’ उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई। इस सीरीज ने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई और दर्शकों के बीच उनकी एक अलग छवि बनाई। फैंस अब बेसब्री से ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ के रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।
को-स्टार्स के साथ काम करने का अनुभव साझा
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में श्वेता ने अपने सह-कलाकार अली फजल, विजय वर्मा और रसिका दुग्गल के साथ काम करने के अनुभव को खास बताया।
उन्होंने कहा कि सभी कलाकारों के बीच मजबूत बॉन्डिंग है, जो स्क्रीन पर भी साफ नजर आती है।

‘लोगों की सोच बदल गई’
इंटरव्यू में श्वेता ने कहा, “इस शो ने मुझे पहचान और बहुत सारा प्यार दिया। मेरे पिता IAS अधिकारी हैं और मां टीचर हैं, इसलिए किसी ने नहीं सोचा था कि मैं एक्टर बनूंगी।
मिर्जापुर के बाद लोगों की सोच बदल गई। पहले मुझसे पूछा जाता था कि मैं कमर्शियल काम कब करूंगी, लेकिन इस शो के बाद ऐसे सवाल बंद हो गए। यहां तक कि बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में भी लोग ‘मिर्जापुर’ को पहचानते थे।”
‘थिएटर में अलग ही एनर्जी होगी’
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ को लेकर उत्साह जाहिर करते हुए श्वेता ने कहा, “हम सब बहुत एक्साइटेड हैं। करीब एक दशक से हम साथ काम कर रहे हैं और अब एक परिवार जैसे हो गए हैं।
लोगों ने इस दुनिया को ओटीटी पर अलग-अलग देखा, लेकिन थिएटर में एक साथ बैठकर उसकी एनर्जी महसूस करना बहुत खास होगा। थिएटर में वाकई मजा आने वाला है।”
कब रिलीज होगी ‘मिर्जापुर: द फिल्म’?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ को साल 2026 के अंत तक बड़े पैमाने पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। वहीं, फैंस सीरीज के चौथे सीजन का भी इंतजार कर रहे हैं।
बता दें कि ‘मिर्जापुर’ का पहला सीजन 2018, दूसरा 2020 और तीसरा सीजन 2024 में रिलीज हुआ था, जो सभी अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध हैं।
Also Read: TV स्टार से किसान बना एक्टर, खेती में सब गंवाया, बहनें बनीं सहारा

