सूर्या मर्डर केस पर सीएम योगी का कड़ा संदेश, बोले- दोस्ती की आड़ में चाकूबाजी बर्दाश्त नहीं, मौलवियों की चुप्पी पर उठाए सवाल

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद अंतर्गत खोड़ा इलाके में 17 वर्षीय किशोर सूर्या की जघन्य हत्या को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी नाराजगी और सख्त रुख अख्तियार किया है। एक विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने इस हत्याकांड की कड़े शब्दों में निंदा की।

उन्होंने इस बात पर गहरा अफसोस और आक्रोश जताया कि दोस्ती का ढोंग रचकर एक मासूम की जान ले ली गई, लेकिन इस अमानवीय कृत्य पर तथाकथित धर्मगुरुओं और मौलवियों की तरफ से एक भी निंदात्मक बयान सामने नहीं आया। सीएम योगी ने दोटूक लहजे में चेतावनी दी कि दोस्ती की आड़ में इस तरह की हिंसक वारदातें और चाकूबाजी उत्तर प्रदेश में कतई स्वीकार नहीं की जाएंगी।

मुख्यमंत्री सोमवार को पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए परिवारों, पूर्व सैन्यकर्मियों और पट्टेदारों को भूमि स्वामित्व अधिकार प्रमाण पत्र बांटने के लिए आयोजित एक राज्यस्तरीय कार्यक्रम में अपनी बात रख रहे थे।

कानून व्यवस्था पर सख्त हिदायत

हालिया घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की प्रशासनिक मुस्तैदी की सराहना की। उन्होंने कहा, आप सभी ने देखा कि बकरीद के मौके पर क्या-क्या स्थितियां बनीं। यह तो गनीमत थी कि सूबे की सरकार और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर था, जिससे चीजें नियंत्रण में रहीं। अभी गाजियाबाद में जो हुआ, वह कानून व्यवस्था को चुनौती देने जैसा है। यह कैसी दोस्ती है जहां पीठ पीछे छुरेबाजी की जा रही है? अगर कोई अभिभावक अपनी नालायक औलाद को सही रास्ते पर लाने में नाकाम साबित हो रहा है, तो समझ लीजिए कि वह समाज के प्रति बहुत बड़ी गलती कर रहा है।

गोवंश को पशु मानने वाले इंसान नहीं

सूर्या हत्याकांड के संदर्भ में अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने साफ कहा, हमारी नीति बेहद स्पष्ट है; हम सज्जन लोगों के लिए पूरी तरह सज्जन हैं, लेकिन दुर्जनों (अपराधियों) के साथ दुर्जनता से ही निपटेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक प्रतिबद्धता को दोहराते हुए गोवंश सुरक्षा पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि गाय को केवल एक साधारण पशु की दृष्टि से देखने वाले लोग इंसान कहलाने के हकदार नहीं हैं, क्योंकि गाय हमारी स्वाभाविक माता है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।

Also Read: शुद्ध नीयत व निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.