सपा के गढ़ आजमगढ़ में पैदा होते हैं आतंकी, संदिग्ध की गिरफ्तारी पर ओपी राजभर ने कसा तंज
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से एक संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी के बाद सूबे की राजनीति गरमा गई है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने इस मामले पर एक बेहद अजीबोगरीब और तीखा बयान दिया है। राजभर ने सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि आजमगढ़ सपा का मजबूत गढ़ है और वहीं से हमेशा आतंकवादी पकड़े जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के गढ़ में ही ऐसे तत्व पनपते हैं।
राजभर ने आजमगढ़ के इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि वहां से पहले भी संदिग्ध पकड़े जाते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ऐसे देशविरोधी तत्वों को संरक्षण और पनाह देती है, जिसके कारण वे वहां सुरक्षित रहते हैं। मंत्री ने साफ किया कि उनकी सरकार इन आतंकियों को ढूंढ-ढूंढकर बाहर निकालने का काम करेगी। इसके साथ ही उन्होंने यूपी एटीएस की मुस्तैदी की जमकर तारीफ की और कहा कि देश विरोधी हरकतों में शामिल लोगों पर सख्त से सख्त एक्शन होना चाहिए।
दरअसल, यूपी एटीएस ने आजमगढ़ के रहने वाले मोहम्मद शेख नाम के एक युवक को दबोचा है। जांच में सामने आया है कि वह सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क और वहां की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में था। पाकिस्तानी हैंडलर भारतीय युवाओं को पैसों और मजहबी कट्टरपंथ का लालच देकर स्लीपर सेल तैयार करने की फिराक में हैं।
मोहम्मद शेख न सिर्फ खुद इस नेटवर्क से प्रभावित था, बल्कि अन्य युवाओं को भी देशविरोधी ताकतों से जोड़ने की कोशिश कर रहा था। एटीएस के मुताबिक, पाकिस्तानी हैंडलर्स ने शेख को भारत में एक राजनीतिक दल की महिला नेत्री की हत्या करने का टारगेट दिया था, जिसके बाद उसे किसी बड़े आतंकी मिशन में शामिल करने का वादा किया गया था।
Also Read: दिल्ली में सिलेंडर फटने से जमींदोज हुआ मकान, मलबे से सुरक्षित निकाले गए 6 लोग

