Siddharthnagar News: सनई चौराहे पर चला विशेष अभियान, सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को हटाया गया
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और हादसों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देशों और हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए बुधवार को सनई चौराहे पर एक बड़ा विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान संयुक्त प्रवर्तन टीम ने राजमार्गों और प्रमुख सड़कों के किनारे अवैध रूप से खड़े भारी मालवाहक वाहनों, तेल टैंकरों और एलपीजी गैस सिलेंडर ले जाने वाली गाड़ियों को मौके से हटवाया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

वाहन चालकों को सख्त चेतावनी
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और सड़क दुर्घटनाओं के खतरे को कम करके आम जनता का सफर सुरक्षित करना है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मौके पर वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में सड़कों के किनारे अनाधिकृत रूप से गाड़ियां खड़ी न की जाएं। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
अभियान को लेकर एआरटीओ संजय कुमार सिंह ने साफ तौर पर कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों के साथ किसी भी तरह का समझौता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि राजमार्गों के किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए भारी वाहन अक्सर भीषण सड़क हादसों की वजह बनते हैं, इसलिए ऐसे वाहनों के खिलाफ यह चेकिंग और कार्रवाई का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इस बड़ी संयुक्त कार्रवाई के दौरान यातायात क्षेत्राधिकारी (CO Traffic) सुजीत राय, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह और यात्री कर अधिकारी मुजफ्फर हुसैन सिद्दीकी समेत परिवहन, पुलिस और प्रवर्तन विभाग के तमाम आला अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान

