Japan में फिर से आया 6.1 तीव्रता का भूकंप, 7 दिन में दुनिया भर में आए 11 बड़े झटके
Japan Earthquake News: दुनिया के कई हिस्सों में लगातार आ रहे भूकंपों के बीच रविवार सुबह जापान एक बार फिर तेज झटकों से कांप उठा। उत्तर-पूर्वी जापान के इवाते प्रीफेक्चर के तट पर 6.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। राहत की बात यह रही कि इस भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई और फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि लगातार भूकंप आने से जापान में भूस्खलन (Landslide) का खतरा बढ़ गया है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:25 बजे आया। इसका केंद्र इवाते प्रीफेक्चर के तट से करीब 40 किलोमीटर की गहराई में था। इसके झटके आओमोरी समेत आसपास के कई इलाकों में महसूस किए गए, जिससे लोग घरों से बाहर निकल आए।
Japan में लगातार बढ़ रही भूकंप की गतिविधियां
जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है। हाल के दिनों में यहां लगातार तेज झटके महसूस किए गए हैं।
- 24 जून: कुजी क्षेत्र के पास 6.9 तीव्रता का भूकंप।
- 26 जून: यामानाशी क्षेत्र में 5.7 तीव्रता का भूकंप।
- 28 जून: इवाते प्रीफेक्चर के पास 6.1 तीव्रता का नया झटका।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी इसी क्षेत्र में और भूकंप आ सकते हैं।
वेनेजुएला में सबसे ज्यादा तबाही

इसी सप्ताह वेनेजुएला में आए 7.5 और 7.2 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, इस आपदा में 920 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3,360 से ज्यादा लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है।
सिर्फ 7 दिन में दुनिया भर में 11 बड़े भूकंप
पिछले एक सप्ताह के दौरान कई देशों में तेज भूकंप दर्ज किए गए हैं।
- 7.5 – वेनेजुएला (24 जून)
- 7.2 – वेनेजुएला (24 जून)
- 6.9 – जापान (24 जून)
- 6.5 – फिलीपींस (26 जून)
- 6.2 – अफगानिस्तान (28 जून)
- 6.1 – Japan (28 जून)
- 5.7 – जापान (26 जून)
- 5.6 – उत्तरी कैलिफोर्निया (24 जून)
- 5.4 – पाकिस्तान (27 जून)
- 5.2 – निकारागुआ (26 जून)
- 5.1 – सोलोमन आइलैंड्स (26 जून)
कश्मीर से दिल्ली तक महसूस हुए भूकंप के झटके
शनिवार शाम अफगानिस्तान में आए 6.2 तीव्रता के भूकंप का असर भारत में भी महसूस किया गया। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में लोगों ने झटके महसूस किए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप शाम 7:04 बजे दर्ज किया गया था।
लगातार अलग-अलग देशों में आ रहे तेज भूकंपों ने वैज्ञानिकों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि अलग-अलग क्षेत्रों में आने वाले इन भूकंपों का आपस में सीधा संबंध होना जरूरी नहीं है, लेकिन सक्रिय टेक्टोनिक प्लेटों वाले इलाकों में सतर्कता बेहद जरूरी है।
Also Read: होर्मुज में मालवाहक जहाज पर ड्रोन हमले के बाद यूएस का ईरान पर बड़ा हवाई हमला

