Siddharthnagar News: पीएम स्वनिधि योजना की सफलता के 6 वर्ष, लाभार्थियों को मिला ऋण और सम्मान
Siddharthnagar News: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्ट्रीट वेंडरों को योजना के लाभों से अवगत कराते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
महोत्सव के दौरान पात्र स्ट्रीट वेंडरों को ऋण स्वीकृति चेक एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
अधिकारियों ने लाभार्थियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने, नगर को स्वच्छ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा जल संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि समय पर ऋण चुकाने वाले स्ट्रीट वेंडरों को योजना के अंतर्गत चरणबद्ध तरीके से अधिक ऋण की सुविधा दी जाती है।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने सभी लाभार्थियों से समय पर ऋण अदायगी करने की अपील की।
स्वनिधि महोत्सव के दौरान ऋण वितरण के साथ-साथ डिजिटल भुगतान, वित्तीय साक्षरता पर जागरूकता कार्यक्रम और उत्कृष्ट स्ट्रीट वेंडरों के सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में शहर मिशन प्रबंधक रामसजीवन, सामुदायिक आयोजक विकास कुमार चौरसिया, नगर पालिका के सभासदगण सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

