UP Election 2027: ओवैसी का बड़ा ऐलान, BJP को रोकने के लिए गठबंधन करेगी AIMIM
Bijnor News: उत्तर प्रदेश की सियासत में UP Election 2027 को लेकर हलचल तेज हो गई है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बिजनौर के नजीबाबाद में आयोजित ‘पैगाम-ए-इत्तेहाद’ कार्यक्रम में ऐलान किया कि उनकी पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी ताकत से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए जरूरत पड़ी तो AIMIM गठबंधन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
सभा के दौरान ओवैसी ने भाजपा के साथ-साथ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष और मुख्य विपक्ष दोनों ने मुस्लिम, दलित और वंचित वर्गों को राजनीतिक रूप से हाशिए पर रखा है। उन्होंने कहा कि AIMIM ऐसी सरकार चाहती है, जो धर्म और जाति के आधार पर नहीं, बल्कि हर नागरिक के लिए न्याय सुनिश्चित करे।
राम मंदिर चढ़ावा और वक्फ कानून पर साधा निशाना
ओवैसी ने राम मंदिर चढ़ावा मामले का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में किसी मुस्लिम का नाम होता तो अलग तरह का माहौल बना दिया जाता। साथ ही वक्फ संशोधन कानून का विरोध करते हुए दावा किया कि इससे वक्फ संपत्तियों और अल्पसंख्यकों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूल मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
मटेरा उम्मीदवार का भी जिक्र
ओवैसी ने कहा कि मुस्लिम समाज को हर क्षेत्र में नेतृत्व के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, मुस्लिम और दलित मतदाताओं की अच्छी संख्या होने के कारण UP Election 2027 में नजीबाबाद सीट से ओवैसी ने बड़ा चुनावी संदेश देने की कोशिश की है।
इससे पहले ओवैसी बहराइच की मटेरा विधानसभा सीट से शौकत अली को AIMIM का उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं। उन्होंने लोगों से उन्हें भारी मतों से जिताने की अपील करते हुए कहा कि अब दबदबे की नहीं, जनता की सेवा करने वाली राजनीति का समय है।
Also Read: UP Election में बाहुबली बृजेश सिंह की एंट्री! विधानसभा चुनाव लड़ने का किया ऐलान

