Mid Day Meal में निकला कीड़ा, 50 से ज्यादा बच्चों की बिगड़ी तबीयत, बिहार के खगड़िया में कांड

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार (Bihar) के खगड़िया (Khagaria) जिले में मिड डे मील (Mid Day Meal) को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। गोगरी अनुमंडल क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सुखदेव सुमन साह लेवा में मिड डे मील खाने के बाद 50 से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत होने लगी, जिसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। सभी बच्चों को एंबुलेंस की मदद से गोगरी अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बच्चों ने खाना खाते समय Mid Day Meal में कीड़ा (पिल्लू) मिलने की शिकायत की थी। इसके कुछ ही देर बाद कई बच्चों की तबीयत खराब होने लगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र बीमार पड़ गए, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को सूचना दी।

अस्पताल में इलाज जारी, हालत स्थिर

सूचना मिलते ही कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और सभी प्रभावित बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार बच्चों की निगरानी कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है और किसी की भी स्थिति गंभीर नहीं बताई गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए गोगरी के एसडीओ मेडिकल टीम के साथ स्कूल पहुंचे और मिड डे मील की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने भोजन के नमूने भी जांच के लिए सुरक्षित कर लिए हैं, ताकि बच्चों के बीमार होने की असली वजह का पता लगाया जा सके।

लापरवाही साबित हुई तो होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। यदि Mid Day Meal की गुणवत्ता में गड़बड़ी या किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बच्चों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Also Read: भारत के पास सिर्फ 5 दिन का तेल भंडार, रिपोर्ट में खुलासा, रूस बना बड़ा सहारा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.