कुक से मारपीट के आरोप पर शशांक सिंह ने तोड़ी चुप्पी, FIR के बाद मानी बड़ी गलती
Shashank Singh: पंजाब किंग्स (PBKS) के ऑलराउंडर शशांक सिंह ने अपने ऊपर लगे कुक से मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है। यह मामला उस समय सामने आया जब कुक विपेंद्र सिंह तोमर ने शशांक और उनके रिटायर्ड आईपीएस पिता शैलेश सिंह के खिलाफ भोपाल के रातीबड़ थाने में FIR दर्ज कराई। शशांक ने कहा कि उनसे एक गलती हुई है, जिसका उन्हें अब एहसास है।
घर में घूमकर बनाता था वीडियो
ANI से बातचीत में शशांक सिंह ने बताया कि वह व्यक्ति खुद को बावर्ची बताकर आया था, लेकिन उसे खाना बनाना नहीं आता था। उन्होंने कहा कि परिवार को उस पर चोरी का शक हुआ, क्योंकि वह घर में घूमकर वीडियो और फोटो बना रहा था।
शशांक के अनुसार, घर से एक चांदी के गणपति गायब हैं और परिवार यह भी जांच कर रहा है कि कुछ और सामान तो नहीं गया।
उन्होंने साफ कहा कि किसी को बंधक नहीं बनाया गया और न ही मोबाइल छीना गया। केवल घर के वीडियो और फोटो डिलीट करवाए गए थे।
“पुलिस को बुलाने से रोका, वही मेरी गलती थी”
शशांक ने बताया कि जब शक हुआ तो उनकी बहन ने 100 नंबर पर कॉल करने की बात कही थी, लेकिन बाद में उन्होंने ही पुलिस को रोक दिया। उनका कहना है कि अब उन्हें लगता है कि यह उनकी गलती थी।
उन्होंने कहा कि आरोपी व्यक्ति रीवा से किसी जान-पहचान के जरिए आया था और भरोसे में रखा गया। बाद में जांच में पता चला कि उसका बैकग्राउंड सही नहीं था और वह नशे का आदी भी है।
शशांक ने कहा कि पुलिस ने अभी तक उनसे संपर्क नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा कि वे आमतौर पर वेरिफाइड एजेंसी से ही काम लेते हैं, लेकिन इस बार गलती हो गई। यह घटना उनके लिए एक बड़ा सबक है।

