आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार बस ने कार को मारी टक्कर, दो बच्चियों समेत 5 की मौत

Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बांगरमऊ थाना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 230.800 के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने कार को जोरदार टक्कर मार दी और खुद भी पलट गई। इस भीषण हादसे में कार सवार दो मासूम बच्चियों समेत पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस और कार के 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।

नींद की झपकी बनी काल

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, हादसा सुबह उस वक्त हुआ जब हरियाणा से बिहार जा रही एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। रफ्तार तेज होने के कारण चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे एक कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

कार सवार 5 लोगों की मौत

हादसे के वक्त कार में कुल 9 लोग सवार थे। इनमें से पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान धुनमुन (60 वर्ष), विनोद (45 वर्ष, चालक), अंजू (40 वर्ष), अमृता (13 वर्ष) और दिव्या (6 वर्ष) के रूप में हुई है। कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

बस के 17 यात्री भी चोटिल

हादसे में बस पलटने के कारण उसमें सवार करीब 17 से अधिक यात्रियों को भी चोटें आई हैं। हालांकि, अधिकांश को मामूली चोटें हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने खुद घटनास्थल का मुआयना किया और अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारू कराया है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: Lucknow: गोमती रिवर फ्रंट पर चलेगा 25 करोड़ का वॉटर लेजर शो, LDA ने प्रोजेक्ट को दी मंजूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.