महंगाई से बड़ी राहत: कमर्शियल गैस सिलेंडर 183 रुपये हुआ सस्ता

Sandesh Wahak Digital Desk: जुलाई के पहले ही दिन आम जनता और व्यापारियों के लिए राहत भरी खबर आई है। तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर की कीमतों में 183 रुपये की भारी कटौती कर महंगाई से बड़ी राहत दी है। इस फैसले के बाद देश की राजधानी दिल्ली में जो कमर्शियल सिलेंडर अब तक 3,113 रुपये में मिल रहा था, उसकी कीमत घटकर 2,930 रुपये रह गई है। हालांकि, घरों में इस्तेमाल होने वाले 14 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और वे स्थिर हैं। इसी बीच निजी क्षेत्र की तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने भी पेट्रोल और डीजल की कीमतें घटाने का बड़ा एलान किया है।

वैश्विक मोर्चे पर अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध के चलते तेल की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई थी, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) के दाम आसमान छू रहे थे। इसी वजह से साल 2026 में पिछले 6 महीनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें लगातार बढ़ रही थीं। जनवरी में दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत जहाँ 1,691 रुपये थी, वहीं जून आते-आते यह बढ़कर 3,113.50 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गई थी। अब वैश्विक दबाव कम होने से इस साल पहली बार दाम घटे हैं। इंडियन ऑयल के मुताबिक, कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर 3,255.50 रुपये से घटकर अब 3,081.50 रुपये का हो गया है, जबकि पटना में इसके लिए अब 3,227 रुपये चुकाने होंगे।

कमर्शियल सिलेंडर के साथ-साथ तेल कंपनियों ने छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों को भी बड़ी राहत दी है। 5 किलो वाले छोटू सिलेंडर की कीमत में 13 रुपये की कटौती की गई है। इस कटौती के बाद दिल्ली में छोटू सिलेंडर की कीमत 821.50 रुपये से घटकर अब 808.50 रुपये रह गई है। जुलाई की शुरुआत में आए इस फैसले से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे फूड आउटलेट्स चलाने वाले कारोबारियों को काफी सहारा मिलने की उम्मीद है।

Also Read: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार बस ने कार को मारी टक्कर, दो बच्चियों समेत 5 की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.