Toxic Teaser: यश की फिल्म में 5 एक्ट्रेस की पहली झलक, डबल रोल ने बढ़ाया सस्पेंस

Toxic Teaser: यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ (Toxic) का नया टीजर रिलीज हो गया है। रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ के बाद अब फैंस की नजरें यश की इस फिल्म पर टिकी हैं। लंबे समय से फिल्म का इंतजार कर रहे दर्शकों को आखिरकार 1 मिनट 41 सेकेंड का नया टीजर देखने को मिला।

रिलीज के महज एक घंटे के भीतर ही इसे लाखों लोग देख चुके हैं। टीजर का नाम ‘लेडीज एंड लेडीज’ रखा गया है, जिसमें फिल्म की पांचों लीड हीरोइनों का दमदार अंदाज दिखाया गया है।

टीजर में दिखा एक्शन, ग्लैमर और दमदार किरदार

टीजर की शुरुआत यश के लव मेकिंग सीन से होती है। इसके बाद बाइक चलाती नयनतारा, टब में नजर आ रहीं कियारा आडवाणी, बंदूक के साथ एक्शन करती रुक्मिणी वसंत, जबकि हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया 60 के दशक के स्टाइलिश लुक में दिखाई देती हैं। टीजर के आखिर में यश महिलाओं के साथ जबरदस्त एक्शन करते नजर आते हैं। निर्देशक गीतू मोहनदास ने सभी महिला किरदारों को अलग और प्रभावशाली अंदाज में पेश किया है।

फिल्म में कियारा नादिया, नयनतारा गंगा, हुमा कुरैशी एलिजाबेथ, रुक्मिणी वसंत मेलिसा और तारा सुतारिया रेबेका का किरदार निभा रही हैं। वहीं, यश पहली बार डबल रोल में नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह पिता और बेटे दोनों की भूमिका निभाते दिखाई देंगे।

इस दिन रिलीज होगी फिल्म

‘टॉक्सिक’ की शूटिंग अंग्रेजी और कन्नड़ भाषा में की गई है ताकि विदेशों के दर्शकों तक भी फिल्म पहुंच सके। फिल्म के एक्शन सीक्वेंस विदेशी एक्शन कोरियोग्राफर जे.जे. पेरी ने तैयार किए हैं। वहीं, ‘सालार’ के संगीतकार रवि बसरूर ने इसका संगीत दिया है। फिल्म की रिलीज पहले 19 मार्च और फिर 4 जून तय की गई थी, लेकिन दोनों बार टल गई। अब यह फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.