पिछले ढाई साल से राम मंदिर दर्शन करने क्यों नहीं गए अमित शाह, केजरीवाल ने पूछे 5 सवाल
Arvind Kejriwal Amit Shah Ram Mandir: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले ढाई साल में वह एक बार भी अयोध्या स्थित राम मंदिर में दर्शन के लिए नहीं गए।
अमित शाह पर दर्शन न करने का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने कहा कि अमित शाह पिछले ढाई साल यानी करीब 891 दिनों में 42 से ज्यादा बार अपने भाषणों और इंटरव्यू में राम मंदिर का जिक्र कर चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वोट मांगने के लिए राम मंदिर का नाम लिया जाता है, तो दर्शन के लिए क्यों नहीं जाया गया।
केजरीवाल ने कहा, “वोट मांगने का समय है लेकिन भगवान राम के दर्शन करने का समय नहीं है।”
अमित शाह से पूछे 5 सवाल
केजरीवाल ने इस दौरान गृह मंत्री से पांच सवाल भी पूछे। उन्होंने कहा क्या अमित शाह राम मंदिर नहीं जाना चाहते? क्या उन्हें भगवान राम के दर्शन की जरूरत नहीं लगती? क्या वे भगवान राम को मानते हैं या नहीं? और क्या वे राम मंदिर से जुड़े आशीर्वाद को महत्व नहीं देते?
‘आम आदमी पार्टी सच्ची सनातनी पार्टी’ का दावा
केजरीवाल ने कहा कि भगवान राम के नाम का इस्तेमाल केवल राजनीतिक फायदे के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर वास्तव में आस्था होती तो राम मंदिर जरूर जाते। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी ही देश में वास्तविक रूप से सनातन मूल्यों पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में स्कूलों और मोहल्ला क्लीनिकों का निर्माण सनातन की सेवा और जनकल्याण की भावना के अनुरूप है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि राम मंदिर चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले में असली दोषियों को बचाया जा रहा है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

