Kushinagar News: गांजे की बड़ी खेप के साथ अंतरराज्यीय तस्कर चढ़ा UP STF के हत्थे

Kushinagar News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ मुख्यालय की टीम ने कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र से करीब 84.600 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 21 लाख रुपये आंकी जा रही है।

एसटीएफ की टीम को काफी समय से ड्रग्स तस्करों के सक्रिय होने की खुफिया रिपोर्ट मिल रही थी। पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक चंद्रप्रकाश मिश्र और उनकी टीम कुशीनगर में गश्त पर थी, तभी इनपुट मिला कि असम के कामरूप जिले से एक ट्रक (वाहन संख्या: HR 55 AW 1839) में गांजे की बड़ी खेप छिपाकर कुशीनगर लाई जा रही है। इसके बाद एसटीएफ ने स्थानीय क्षेत्राधिकारी (कसया) डॉ. अजय कुमार सिंह को साथ लेकर धर्मोली मोड़ के पास घेराबंदी की और दोपहर करीब 12:40 बजे ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

ऐसे बुना गया था तस्करी का ताना-बाना

पकड़े गए अभियुक्त की पहचान हर्ष पंडित के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से 84.600 किलो गांजा, तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, एक मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, पहचान पत्र और 5,250 रुपये की नकदी बरामद हुई है।

पूछताछ में तस्कर हर्ष पंडित ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह 23 जून 2026 को मुंबई से एक कूरियर लोड कर गुवाहाटी (असम) गया था। वहां से लौटते समय उसने अपने ट्रक में पानीपत (हरियाणा) के लिए भूसी लोड की। इसी दौरान गिरोह के एक अन्य सदस्य प्रकाश चौहान ने उससे संपर्क किया और भूसी के नीचे गांजा छिपाकर कुशीनगर पहुंचाने की डील की। इस काम के एवज में उसे 65,000 रुपये मिलने तय हुए थे, जिसके लालच में आकर वह असम से कुशीनगर के लिए रवाना हुआ था।

मुख्य सरगना की तलाश जारी

एसटीएफ ने गिरफ्तार अभियुक्त हर्ष पंडित के खिलाफ कुशीनगर के हाटा थाने में एनडीपीएस एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराकर उसे स्थानीय पुलिस को सौंप दिया है। स्थानीय पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। एसटीएफ इस नेटवर्क से जुड़े मुख्य आरोपी प्रकाश चौहान और अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Also Read: श्रीसंत पर लगा 3 साल का बैन हटा, KCA ने दिया राहत भरा फैसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.