महुआ मोइत्रा पर अंडों से हमला, भीड़ ने ‘चोर-चोर’ के लगाए नारे, BJP पर TMC सांसद ने लगाए आरोप

Mahua Moitra Attack: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा पर बुधवार को नादिया जिले में कथित तौर पर अंडों से हमला किया गया। सांसद ने आरोप लगाया कि यह हमला उस समय हुआ जब वह अपने पार्टी ऑफिस में मौजूद थीं और बाहर बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई।

महुआ मोइत्रा ने दावा किया कि भीड़ ने उनके पार्टी ऑफिस के बाहर अंडे और सब्जियां फेंकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस भीड़ में भाजपा से जुड़े लोग शामिल थे। उनके अनुसार, मौके पर पुलिस और CRPF मौजूद थी, लेकिन भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश नहीं की गई।

सांसद ने कहा कि भीड़ लगातार “वापस जाओ” और “चोर-चोर” जैसे नारे लगा रही थी।

सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर उठाए सवाल

महुआ मोइत्रा ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग उनके कार्यालय के बाहर दिखाई दे रहे हैं, जिनके हाथों में अंडे, सब्जियां और काले झंडे थे।

उन्होंने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल के डीजीपी को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

सांसद ने कहा, “मैं पार्टी ऑफिस में बैठक कर रही थी, तभी हमला हुआ। जब मैं खिड़की के पास आई तो अंडे मुझ पर फेंके गए और मुझे चोट भी लगी।”

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हमले

इससे पहले भी TMC नेताओं पर अंडे और पत्थरों से हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ समय पहले विधायक कुणाल घोष पर भी अंडा फेंका गया था। वहीं, अभिषेक बनर्जी और अन्य नेताओं के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शनों के दौरान हमले की घटनाएं हो चुकी हैं।

TMC लगातार इन घटनाओं के पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाती रही है, जबकि भाजपा का कहना है कि यह स्थानीय जनता का गुस्सा है। फिलहाल इस घटना के बाद एक बार फिर पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.