अखिलेश यादव के जन्मदिन पर नेताओं की शुभकामनाएं, योगी से राहुल तक सभी ने किया पोस्ट
Akhilesh Yadav Birthday: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर सत्ता और विपक्ष के कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बसपा प्रमुख मायावती, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।
योगी, केशव और मायावती ने क्या कहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि वह प्रभु श्रीराम से अखिलेश यादव के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करते हैं। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और भगवान महादेव का आशीर्वाद उनके साथ रहने की कामना की। उनके संदेश को राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय माना जा रहा है।
बसपा प्रमुख मायावती ने अखिलेश यादव के साथ-साथ उनके परिवार को भी शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना की।
राहुल गांधी और केजरीवाल का संदेश
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लिखा, “जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई अखिलेश यादव। PDA की हिस्सेदारी से सामाजिक न्याय का संकल्प हम मिलकर पूरा करेंगे।” उन्होंने अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की भी शुभकामनाएं दीं।
वहीं, अरविंद केजरीवाल ने लिखा कि भगवान अखिलेश यादव को अच्छा स्वास्थ्य और लंबी उम्र दें।
शिवपाल और पल्लवी पटेल ने भी दी शुभकामनाएं
सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने अखिलेश यादव को समाजवादी विचारधारा का प्रतिबद्ध नेता बताते हुए सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और PDA की ताकत को आगे बढ़ाने की बात कही। वहीं, अपना दल (कमेरावादी) की नेता और सपा विधायक पल्लवी पटेल ने तथागत गौतम बुद्ध से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की।

