राम मंदिर केस पर सोशल मीडिया पोस्ट करने वाले हो जाएं सावधान! पुलिस ले रही सख्त एक्शन

Ram Mandir donation Case: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे सोशल मीडिया पर भी पुलिस की सख्ती बढ़ गई है। मामले से जुड़ी भ्रामक, आपत्तिजनक और जांच को प्रभावित करने वाली पोस्ट पर यूपी पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। सूत्रों के मुताबिक, अब तक गोरखपुर जोन में 127 पोस्ट विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाई जा चुकी हैं।

राम मंदिर जैसे संवेदनशील मुद्दे को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सोशल मीडिया सेल और सोशल वॉलंटियर्स को सक्रिय कर दिया गया है। फेसबुक, एक्स (X), इंस्टाग्राम, यूट्यूब समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रही सामग्री की लगातार निगरानी की जा रही है। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर

सूत्रों के अनुसार, पुलिस खासतौर पर उन पोस्ट पर नजर रख रही है, जिनसे धार्मिक भावनाएं भड़क सकती हैं, अफवाह फैल सकती है या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो। डीजीपी के निर्देश के बाद सभी जिलों को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तेज करने और आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

एसआईटी की जांच से जुड़ी अपुष्ट जानकारी, भ्रामक दावे या जांच को प्रभावित करने वाली पोस्ट भी पुलिस की निगरानी में हैं। कई पोस्ट ब्लॉक कराई गई हैं, जबकि कुछ मामलों में संबंधित यूजर्स की पहचान भी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी पोस्ट के जरिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश सामने आती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक धाराओं में मुकदमा भी दर्ज हो सकता है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला संवेदनशील होने के कारण आम लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। एआई और एडिटेड कंटेंट के दौर में किसी भी वायरल पोस्ट की सत्यता जांचना आसान नहीं है। ऐसे में बिना पुष्टि किसी भ्रामक पोस्ट को शेयर या फॉरवर्ड करना कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है।

Also Read: राम मंदिर चढ़ावा कांड: 7 आरोपियों से क्या-क्या मिला? डिटेल में जानिए बरामदगी का पूरा कच्चा चिट्ठा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.