अयातुल्ला खामेनेई की मौत का बदला लेगा ईरान, सुरक्षा परिषद ने लिया खून का बदला लेने का संकल्प
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मध्य-पूर्व (मिडिल-ईस्ट) में युद्ध के बादल गहरा गए हैं। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने एक बेहद सख्त आधिकारिक बयान जारी कर एलान किया है कि वह अपने सर्वोच्च नेता की हत्या के ‘खून का बदला’ हर कीमत पर और निश्चित तौर पर लेगी। बीबीसी की फारसी सेवा के हवाले से ईरानी मीडिया ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहम्मद बाकर जोलकाद्र के हस्ताक्षर वाला एक संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर जारी किया गया है, जिसमें खामेनेई के हत्यारों को अंजाम भुगतने की खुली चेतावनी दी गई है।
28 फरवरी को हुआ था भीषण हमला
गौरतलब है कि इसी साल 28 फरवरी, 2026 को अमेरिका और इजरायल ने ईरान की सीमा के भीतर पहला भीषण संयुक्त हमला किया था, जिसके पहले ही दिन ईरान के सबसे ताकतवर नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की जान चली गई थी। इस हवाई हमले की जद में आने से खामेनेई के अलावा ईरान सरकार के कई अन्य शीर्ष सैन्य व प्रशासनिक अधिकारी और उनके परिवार के सदस्य भी मारे गए थे। इस घटना के बाद से ही ईरान और पश्चिमी देशों के बीच तनाव अपने चरम पर बना हुआ है।
इराक में भी आयोजित होंगी विशेष शोक सभाएं
सुरक्षा परिषद के आधिकारिक संदेश के मुताबिक, सुप्रीम लीडर के अंतिम संस्कार और विदाई के कार्यक्रम 4 जुलाई से शुरू होकर 8 जुलाई तक चलेंगे। ये आयोजन ईरान के तीन सबसे प्रमुख शहरों राजधानी तेहरान, पवित्र शहर कॉम और मशहद में किए जाएंगे। ईरान के अलावा पड़ोसी मुल्क इराक के भी प्रमुख शिया धार्मिक केंद्रों बगदाद, काजमीन, कर्बला और नजफ में विशेष शोक सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ईरान के इस आक्रामक रुख और बदले की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय विश्लेषक क्षेत्र में एक बड़े और विनाशकारी युद्ध की आशंका जता रहे हैं।
Also Read: राम मंदिर केस में नया धमाका, नौकरी के नाम पर लिए गए पैसे! 125 नियुक्तियां जांच के घेरे में

