Ayodhya News: लखनऊ हाईवे पर ट्रक में पीछे से घुसी बेकाबू स्कॉर्पियो, 3 की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल

Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में गुरुवार सुबह लखनऊ हाईवे पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकगंज के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया और हाईवे से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया।

कार की छत उड़ी, चारों पहिए बाहर निकले

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार इतनी तेज थी कि ट्रक से टकराते ही कार की छत के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी बुरी तरह पिचक गई। टक्कर के जोरदार धमाके के साथ ही कार के चारों पहिए उखड़कर बाहर आ गए। गाड़ी के पिचक जाने के कारण उसके अंदर बैठे यात्री बुरी तरह फंस गए थे, जिससे तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 7 बजे का बताया जा रहा है। हाईवे पर जगह-जगह खून के धब्बे बिखरे नजर आए, जो हादसे की भयावहता को बयां कर रहे थे।

कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए घायल

हादसे के बाद लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे। फिलहाल घायलों के इलाज को प्राथमिकता दी जा रही है और हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

Also Read: पाकिस्तान में पर्यटकों से भरी नाव पलटने से एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.