गोंडा में पुल निर्माण से पहले बड़ा हादसा, सरिया लदा ट्रक पलटा, 3 मजदूरों की मौत
Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोतवाली देहात क्षेत्र में हरखापुर ग्राम पंचायत के मजरा वीरसिंहपुर में टेढ़ी नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण स्थल के पास सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार मजदूर सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई। मौके पर पूर्वी एसपी अजीत कुमार रजक और कोतवाली प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
भूमि पूजन से पहले जा रहा था निर्माण सामग्री से भरा ट्रक
जानकारी के अनुसार, सेतु निगम द्वारा टेढ़ी नदी पर पुल निर्माण का कार्य शुरू किया जाना था। गुरुवार को तरबगंज विधायक द्वारा भूमि पूजन भी प्रस्तावित था। इसी निर्माण कार्य के लिए सरिया लेकर ट्रक गोरखपुर के जीडीए क्षेत्र से वीरसिंहपुर जा रहा था। जैसे ही ट्रक स्कूल के पास पहुंचा, वह बेकाबू होकर पलट गया और उसमें सवार मजदूर नीचे दब गए।
ग्राम प्रधान हरबंश तिवारी ने बताया कि शुरुआत में स्थिति स्पष्ट नहीं थी, लेकिन बाद में तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई।
तीन मजदूरों की मौत, चार घायल सुरक्षित
इस हादसे में जिन मजदूरों की मौत हुई उनकी पहचान केवेंद्र पासवान (31), राजेंद्र पासवान (42) और रामगुलाम पासवान (50) के रूप में हुई है। सभी निवासी थाना तरबगंज क्षेत्र के चांदपुर गांव के बताए गए हैं।
वहीं हादसे में चार मजदूर सुरक्षित बच गए, जिनमें दुबरे, संजय, रामकुमार और कालू शामिल हैं। सभी घायल मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने क्रेन की मदद से राहत और बचाव कार्य कराया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

