Lucknow News: यूपी एसटीएफ के हत्थे चढ़े अंतरराज्यीय हथियार तस्कर, भारी मात्रा में पिस्टल और कारतूस बरामद

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एसटीएफ की टीम ने लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र से अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध हथियारों और कारतूसों की सप्लाई करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घेराबंदी करके एक होंडा सिटी कार से गिरोह के 4 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से .32 बोर की 2 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 4 मैगजीन, 50 जिंदा कारतूस, 7 खोखा कारतूस, 5 मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान संदेश प्रताप सिंह, विवेक प्रजापति, नितिन कुंडी और प्रिंस गुप्ता के रूप में हुई है।

दोगुने दामों पर बेचते थे हथियार और कारतूस

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी नितिन कुंडी ने बताया कि वह जेल से छूटने के बाद विपक्षी गैंग से बदला लेने, रंगदारी वसूलने और जमीनों पर अवैध कब्जा करने के लिए इस धंधे में उतरा था। ये सभी आरोपी कुख्यात माफिया बाबू सिंह के संरक्षण में काम करते हैं और गोरखपुर के रहने वाले एक सप्लायर ‘अभि’ से 25 हजार रुपये में पिस्टल खरीदकर उसे 50 से 60 हजार रुपये में बेचते थे। इसके अलावा, ये लोग पहले ड्रग्स और गांजे की तस्करी में भी शामिल रह चुके हैं।

आरोपी संदेश प्रताप सिंह एक रियल एस्टेट कंपनी में पार्टनर है और अपना खौफ बनाने के लिए इन हथियारों का इस्तेमाल करता था। गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं और गाजीपुर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: भारतीय नौसेना का अदन की खाड़ी में दमदार एक्शन, INS त्रिकंड ने लुटेरों को खदेड़ा, बचाया जहाज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.