Moradabad News: सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 2 शातिर गिरफ्तार
Moradabad News: उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (UP STF) को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करने में बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की मेरठ फील्ड इकाई ने मुरादाबाद के डिलारी थाना क्षेत्र से एक अंतरराज्यीय गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अशरफ अली (निवासी डिलारी, मुरादाबाद) और विवेक (निवासी संभल) के रूप में हुई है। ये जालसाज बेरोजगार युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे।
एसटीएफ की टीम ने इनके पास से 3 मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। दोनों आरोपियों को तड़के नूरी चौराहा के पास से घेराबंदी करके दबोचा गया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए ठगों ने अपने पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए बताया कि वे रेलवे, सेना, डाक विभाग, वन रक्षक और दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) जैसे बड़े विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर प्रति छात्र 8 से 10 लाख रुपये ऐंठते थे। इसके बाद दिल्ली में बैठा इनका एक साथी अभ्यर्थियों के ई-मेल पर फर्जी और कूटरचित ज्वाइनिंग लेटर भेज देता था।
हद तो तब हो जाती थी जब ये लोग छात्रों को दिल्ली बुलाकर संबंधित विभागों के दफ्तरों के चक्कर लगवाते थे और पास के ही होटलों में ठहराकर फर्जी आई-कार्ड थमा देते थे। इतना ही नहीं, गैंग के सदस्य युवाओं को झांसा देने के लिए उनकी एक हफ्ते की फर्जी ट्रेनिंग भी करवाते थे। पिछले दो साल से सक्रिय यह गिरोह अब तक दो दर्जन से अधिक युवाओं को अपनी ठगी का शिकार बना चुका है। मुरादाबाद के डिलारी थाने में बीएनएस (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

