पेट्रोल-डीजल हो सकता है सस्ता, केंद्रीय मंत्री का बड़ा संकेत, जानिए कब तक मिल सकती है राहत

Petrol Diesel Price: देशभर के करोड़ों वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कुछ और समय तक निचले स्तर पर बनी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल सस्ता हो सकता है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यदि कीमतों में मौजूदा गिरावट कुछ सप्ताह तक जारी रहती है, तो ईंधन के दाम घटाने पर विचार करना उचित होगा।

अभी महंगे कच्चे तेल से बन रहा है ईंधन

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि तेल कंपनियां आमतौर पर कच्चा तेल करीब दो महीने पहले खरीदती हैं। इसलिए फिलहाल अप्रैल और मई की शुरुआत में खरीदे गए महंगे कच्चे तेल की प्रोसेसिंग हो रही है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें घटने के बावजूद इसका असर अभी पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों पर नहीं दिखा है।

उन्होंने यह भी बताया कि 30 जून तक पेट्रोल, डीजल और एलपीजी को लागत से कम कीमत पर बेचने के कारण सरकारी तेल कंपनियों को 74,781 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

कच्चे तेल में गिरावट के बाद बढ़ी उम्मीद

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के बाद जून के दूसरे पखवाड़े से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट शुरू हुई है। इसका असर अब दूसरे ईंधनों पर भी दिखने लगा है। 1 जुलाई को विमान ईंधन (एटीएफ) और कॉमर्शियल एलपीजी के दाम घटाए गए। वहीं, निजी कंपनी नायरा एनर्जी ने भी दो साल से अधिक समय बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की।

अब लोगों की नजर इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) जैसी सरकारी कंपनियों पर है, जिनका देश के 90 प्रतिशत से अधिक ईंधन बाजार पर नियंत्रण है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.