Ukraine के हमलों से बौखलाए Russia ने कीव पर 11 घंटों तक बरसाईं मिसाइलें और ड्रोन, 21 की मौत
Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध एक बार फिर बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। यूक्रेन के हालिया ड्रोन हमलों के जवाब में रूस ने राजधानी कीव पर 11 घंटे तक लगातार मिसाइलों और ड्रोन से भीषण हमला किया। इस हमले में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 90 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि यह कार्रवाई हाल ही में रूसी तेल ठिकानों पर हुए यूक्रेनी हमलों का जवाब है। वहीं, हमले के दौरान पूरे कीव में हवाई हमले का अलर्ट जारी रहा और हजारों लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए मेट्रो स्टेशनों में शरण ली।
11 घंटे तक दहलती रही यूक्रेन की राजधानी

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हवाई हमले की चेतावनी के बाद 50 हजार से अधिक लोग सबवे स्टेशनों में छिप गए। लगातार हो रहे विस्फोटों से राजधानी का बड़ा हिस्सा कांप उठा। कई बहुमंजिला इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कुछ पूरी तरह ढह गईं या आग की चपेट में आ गईं।
यूक्रेन की आपातकालीन सेवा के मुताबिक, शहर में 30 से अधिक स्थानों पर नुकसान दर्ज किया गया है, जिनमें करीब 20 रिहायशी इमारतें शामिल हैं।
रूस बोला- तेल ठिकानों पर हमले का दिया जवाब
Russia Ukraine War: रूस के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यह हमला यूक्रेन द्वारा रूसी तेल रिफाइनरियों और ऊर्जा ठिकानों पर किए गए ड्रोन हमलों के जवाब में किया गया। हाल के दिनों में यूक्रेन ने रूस के कई तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया था, जिससे ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने और दबाव बढ़ने की बात सामने आई है।
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के महीनों में यूक्रेन की ड्रोन क्षमता ने रूस के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। खासकर क्रीमिया और अन्य सप्लाई रूट्स पर लगातार हमलों से रूसी सेना की रसद व्यवस्था प्रभावित हुई है। यही वजह है कि रूस अब जवाबी कार्रवाई और तेज करता नजर आ रहा है।
लगातार बढ़ते हमलों के बीच दोनों देशों के बीच तनाव और गहरा गया है, जबकि आम नागरिकों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है।
Also Read: Venezuela में अब तक 2,200 से ज्यादा मौतें, राहत बचाव के लिए मेक्सिको ने भेजी स्पेशल रेस्क्यू टीम

