‘उन्हें यूथ को प्रेरित करना चाहिए’, दिलजीत दोसांझ के बयान से नाराज हुए CJP प्रवक्ता सौरव दास
Entertainment News: पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के हालिया बयान पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने कड़ी नाराज़गी जताई है।
जंतर-मंतर पर चल रहे CJP के विरोध प्रदर्शन को लेकर दिलजीत की टिप्पणी के बाद पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने सार्वजनिक रूप से असंतोष जाहिर किया है।
दरअसल, हाल ही में एक इंस्टाग्राम लाइव सेशन के दौरान दिलजीत दोसांझ से एक फैन ने CJP और जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को लेकर सवाल किया था।
इस पर दिलजीत ने कहा था कि वह राजनीति से दूर रहना चाहते हैं और खुद को एक कलाकार मानते हैं, न कि नेता। उन्होंने कहा था कि उनका काम लोगों का मनोरंजन करना है और ऐसे मुद्दों पर टिप्पणी करने से उन्हें दूर रखा जाए।
दिलजीत के जवाब से नाराज़ CJP
दिलजीत के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि वह इस रवैये से बिल्कुल संतुष्ट नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “यह बेहद दुखद है। दिलजीत जैसे लोकप्रिय कलाकार को यूथ को प्रेरित करना चाहिए। जिस तरह वे अपने गानों से युवाओं में जोश भरते हैं, उसी तरह उन्हें सामाजिक आंदोलनों और युवाओं की समस्याओं पर भी अपनी बात रखनी चाहिए। इस वजह से मैं उनसे थोड़ा अपसेट हूं।”
दिलजीत ने क्या कहा था?
इंस्टाग्राम लाइव में दिलजीत दोसांझ ने साफ कहा था कि वह इस तरह के प्रदर्शनों और राजनीति से दूरी बनाए रखना चाहते हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि ‘ऑरा टूर’ में व्यस्त होने के कारण उन्हें पूरे मामले की ज्यादा जानकारी नहीं है।
दिलजीत ने कहा था, “मुझे राजनीति और ऐसे प्रदर्शनों से दूर रखिए। मैं एक कलाकार हूं, नेता नहीं। हर चीज़ हमेशा सही नहीं हो सकती और हर स्थिति परफेक्ट भी नहीं होती।”
वर्क फ्रंट पर व्यस्त दिलजीत
काम के मोर्चे पर दिलजीत दोसांझ हाल ही में फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में नजर आए थे। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना भी अहम भूमिकाओं में हैं। रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला और बॉक्स ऑफिस पर भी इसका प्रदर्शन मजबूत रहा।
दिलजीत के बयान और CJP की प्रतिक्रिया के बाद यह मुद्दा अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है, जहां लोग कलाकारों की सामाजिक भूमिका को लेकर अलग-अलग राय रख रहे हैं।

