ई-रिक्शा को रिमोट से बंद करने वाले चीनी ऐप BAT BMS को सरकार ने किया बैन, प्ले स्टोर से हटाने का आदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की सड़कों पर दौड़ने वाले ई-रिक्शों की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने एक बेहद सख्त कदम उठाया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने गूगल और एप्पल को अपने-अपने ऐप स्टोर से BAT BMS नामक मोबाइल एप्लिकेशन को तुरंत हटाने का निर्देश दिया है। सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से कई ऐसे हैरान करने वाले वीडियो वायरल हो रहे थे, जिनमें कुछ शरारती तत्व इस चीनी ऐप की मदद से राह चलते ई-रिक्शों (टिर्री) को ब्लूटूथ के ज़रिए दूर से ही बंद कर दे रहे थे। सुरक्षा में इस बड़ी चूक के सामने आने के बाद सरकार ने तुरंत यह एक्शन लिया है।
दरअसल, यह पूरा मामला ई-रिक्शा में इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरी की तकनीक से जुड़ा है। बैटरी की सेहत, वोल्टेज, तापमान और चार्जिंग स्तर पर नज़र रखने के लिए उनमें ‘बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम’ (BMS) लगाया जाता है, जो ब्लूटूथ से कनेक्ट होता है। बाजार में मौजूद कम कीमत वाले कई चीनी बीएमएस में सुरक्षा (पासवर्ड या ऑथेंटिकेशन) के पुख्ता इंतजाम नहीं होते।
इसी खामी का फायदा उठाकर BAT BMS ऐप के जरिए कोई भी अजनबी 10 से 15 मीटर के दायरे में आते ही ई-रिक्शा के सिस्टम में सेंध लगा लेता था। ऐप से कमांड मिलते ही बैटरी का पावर सप्लाई स्विच ऑफ हो जाता था और बीच सड़क पर रिक्शा अचानक ठप हो जाता था, जिससे बड़े हादसों का डर बना हुआ था।
Also Read: पाकिस्तान में भीषण बस हादसा, 40 यात्रियों की मौत, 70 फीट गहरी खाई में गिरी बस

