शाहरुख खान की नाइट राइडर्स ने रचा इतिहास, अमेरिका में बनाया अपना पहला क्रिकेट स्टेडियम
Entertainment News: क्रिकेट के वैश्विक विस्तार में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए नाइट राइडर्स ग्रुप ने अमेरिका में अपना खुद का अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम स्थापित किया है।
इसके साथ ही नाइट राइडर्स ग्रुप दुनिया का पहला ऐसा वैश्विक क्रिकेट ब्रांड बन गया है, जिसने अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपना स्थायी क्रिकेट मैदान तैयार किया है।
लॉस एंजिल्स स्थित नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड में मेजर लीग क्रिकेट (MLC) का पहला मुकाबला खेला गया, जिसमें लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स का सामना वाशिंगटन फ्रीडम से हुआ।
यह मौका सिर्फ एक नए स्टेडियम के उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि अमेरिका में क्रिकेट के लिए स्थायी और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
यह पहल नाइट राइडर्स ग्रुप की उस दीर्घकालिक सोच को दर्शाती है, जिसके तहत वह वैश्विक स्तर पर क्रिकेट के विकास को गति देना चाहता है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला आधुनिक स्टेडियम
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मानकों के अनुरूप तैयार किए गए नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड में मुख्य स्क्वायर पर आठ पिचें हैं।
मैदान के आयाम आईसीसी मानकों के अनुसार हैं और यहां 120 फीट ऊंचे छह फ्लडलाइट टावर लगाए गए हैं।
इस विश्वस्तरीय स्टेडियम के निर्माण के दौरान करीब 32,000 मीट्रिक टन मिट्टी हटाई गई, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतरीन अनुभव मिल सके।
शाहरुख खान बोले- सपना हुआ साकार
नाइट राइडर्स ग्रुप के सह-मालिक शाहरुख खान ने इस मौके पर कहा, “जो सपना था, वह आज हकीकत बन गया है। दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा देखे जाने वाले खेल क्रिकेट को लॉस एंजिल्स लाना हम सभी के लिए ऐतिहासिक पल है।

यह मैदान सिर्फ क्रिकेट के लिए नहीं, बल्कि समुदाय, मनोरंजन और यादगार पलों के लिए भी होगा। हमें उम्मीद है कि यह लॉस एंजिल्स में क्रिकेट का स्थायी घर बनेगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।”
वेंकी मैसूर: क्रिकेट के भविष्य की नींव
नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा कि यह स्टेडियम क्रिकेट के भविष्य के प्रति समूह की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उनके मुताबिक, “अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम स्थापित करने वाला पहला वैश्विक क्रिकेट ब्रांड बनना हमारे लिए गर्व की बात है।
हमारा लक्ष्य ऐसा मैदान बनाना था, जहां खिलाड़ी खेलना पसंद करें, प्रशंसक बार-बार आना चाहें और स्थानीय समुदाय इसे अपने क्रिकेटिंग होम के रूप में अपनाए।”
अमेरिकी खेल जगत से जुड़ा खास पल
इस ऐतिहासिक अवसर को और खास बनाते हुए एनबीए के पूर्व चैंपियन और मशहूर खिलाड़ी मेट्टा वर्ल्ड पीस (पूर्व में रॉन आर्टेस्ट) ने पहले एमएलसी मैच में औपचारिक रूप से पहली गेंद फेंकी।
उनकी मौजूदगी क्रिकेट और अमेरिकी मुख्यधारा के खेलों के बीच बढ़ते जुड़ाव को दर्शाती है।
1 से 5 जुलाई तक MLC मुकाबले
लॉस एंजिल्स स्थित नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड 1 से 5 जुलाई तक मेजर लीग क्रिकेट के मुकाबलों की मेजबानी करेगा।
इससे अमेरिका में शीर्ष स्तर का टी20 क्रिकेट पहुंचेगा और देश में तेजी से बढ़ रही क्रिकेट लोकप्रियता को नया आयाम मिलेगा।

