Bareilly News: DM और जनप्रतिनिधियों ने जसौली से की स्कूल चलो अभियान की शुरुआत

Bareilly News: जनपद में शिक्षा का उजियारा फैलाने और हर बच्चे को क्लासरूम तक लाने के संकल्प के साथ आज जसौली नगर के कम्पोजिट विद्यालय में स्कूल चलो अभियान का भव्य आगाज किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य और जिलाधिकारी अविनाश सिंह की गरिमामयी मौजूदगी में हुआ। इस मौके पर अतिथियों ने छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें रोज स्कूल आने, लगन से पढ़ाई करने और अपने सुनहरे भविष्य के लिए लगातार मेहनत करने की सीख दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा ही बच्चों के सर्वांगीण विकास और एक सशक्त, आत्मनिर्भर समाज की मजबूत नींव है।

DM और जनप्रतिनिधियों ने जसौली से की स्कूल चलो अभियान की शुरुआत

हर बच्चे को है शिक्षा अधिकार

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने अभिभावकों के साथ-साथ आम जनता से भी एक भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे, यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे में आस-पास के सभी बालक-बालिकाओं का शत-प्रतिशत एडमिशन स्कूल में सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही पैरेंट्स से खास अपील की गई कि सरकार की तरफ से बच्चों की ड्रेस, जूते और मोज़े के लिए मिलने वाली राशि को किसी और काम में खर्च न करें, बल्कि उसका इस्तेमाल सिर्फ और सिर्फ बच्चों की जरूरतों के लिए ही करें।

DM और जनप्रतिनिधियों ने जसौली से की स्कूल चलो अभियान की शुरुआत

जागरूकता रैलियां निकालने के निर्देश

अभियान की सफलता के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर (घर-घर) सर्वे करके स्कूल से बाहर छूटे बच्चों की पहचान की जाए और उनका तुरंत दाखिला कराया जाए। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता रैलियां निकालने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम में मौजूद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने बताया कि जिले में इस वक्त रोको टोको स्कूल भेजो अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत अगर स्कूल की उम्र का कोई बच्चा बाहर घूमता नजर आता है, तो टीम सीधे उसके पैरेंट्स से बात कर उसे स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करती है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: राम मंदिर दान गबन केस: SIT पिछले 5 साल के खातों और सोना-चांदी के चढ़ावे की करेगी पड़ताल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.