बरेली साइबर सेल ने जालसाजों के चंगुल से छुड़ाए पीड़ितों के 34 लाख रुपये, कोर्ट के आदेश पर खाते में आई पूरी रकम
Bareilly News: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के कड़े निर्देशन और साइबर सेल की मुस्तैदी के चलते बरेली पुलिस ने ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए तीन अलग-अलग पीड़ितों को उनके डूबे हुए कुल 34 लाख दो हजार रुपये वापस दिलाकर बड़ी कामयाबी हासिल की है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र और विभिन्न बैंकिंग संस्थानों के साथ बेहतरीन तकनीकी तालमेल बिठाते हुए न सिर्फ ठगी गई रकम का मनी ट्रेल ट्रैक किया, बल्कि अदालती आदेश के बाद पीड़ितों के खातों में शत-प्रतिशत धनराशि रिवर्स कराई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर पीड़ितों ने बरेली पुलिस टीम का सहृदय आभार व्यक्त किया है।
मामला 1: गैस रिनुअल लिंक क्लिक करते ही उड़ाए 11.90 लाख
किला क्षेत्र के रहने वाले गौरव शर्मा के व्हाट्सएप पर गैस कनेक्शन रिनुअल करने का एक फर्जी लिंक आया था। लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल फोन हैक हो गया और साइबर अपराधियों ने उनके खाते से कई बार में कुल 11,90,921 रुपये पार कर दिए। पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के साइबर पोर्टल की मदद से पाया कि यह रकम कई सीएससी (CSC) खातों में ट्रांसफर की गई थी, जिसे समय रहते होल्ड कराकर वापस दिलाया गया।
मामला 2: ट्रेनिंग पर आए सेना के नायब सूबेदार से 5.11 लाख की ठगी
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के निवासी और भारतीय सेना में नायब सूबेदार प्रदीप सिंह कंडारी बरेली में एक महीने की ट्रेनिंग के लिए आए थे। अज्ञात जालसाजों ने उनका फोन हैक कर उनकी सैलरी अकाउंट से 8 ट्रांजैक्शन के जरिए 5,11,074 रुपये उड़ा लिए। जांच में पता चला कि बदमाशों ने इस पैसे से अपने विभिन्न लोन का सेटलमेंट किया था। पुलिस ने वित्तीय संस्थानों से संपर्क साधकर यह रकम भी रिकवर कर ली।
मामला 3: ज्यादा मुनाफे का लालच देकर इन्वेस्टमेंट के नाम पर 17 लाख हड़पे
महानगर कॉलोनी (इज्जतनगर) के रहने वाले राजेश कुमार से कथित साइबर ठगों ने ऊंचे रिटर्न का झांसा देकर इन्वेस्टमेंट के नाम पर 17,00,000 रुपये ऐंठ लिए थे। साइबर पुलिस ने जांच के दौरान उन सभी बैंक खातों को सफलतापूर्वक फ्रीज (लीन) करवा दिया, जिनमें ठगी की यह रकम भेजी गई थी, और पूरी राशि पीड़ित को वापस दिलाई।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: Bareilly News: DM और जनप्रतिनिधियों ने जसौली से की स्कूल चलो अभियान की शुरुआत

