Lucknow News: रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मुख्य आरोपी अखिलेश रावत गिरफ्तार

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने और इलाज के दौरान उसकी मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पीजीआई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के मुख्य आरोपी अखिलेश रावत को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

दिल दहला देने वाली यह वारदात 3 जुलाई, 2026 को सामने आई थी। ग्राम जगत खेड़ा (कल्ली पश्चिम) की रहने वाली पुष्पा रावत उर्फ छवि ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनके बेटे अभिषेक रावत को साजिश के तहत ग्राम सरथुवा में बुलाया गया। वहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने अभिषेक पर धारदार हथियारों, लाठी-डंडों और लोहे के बड़े करछुल (पलटा) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में अभिषेक लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।

केजीएमयू ट्रामा सेंटर के बाहर से दबोचा गया मुख्य आरोपी

हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के लिए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनंद के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि घटना के दौरान घायल हुआ मुख्य आरोपी अखिलेश रावत (निवासी ईश्वरीखेड़ा) किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रामा सेंटर में भर्ती है। पुलिस ने जाल बिछाया और जैसे ही डॉक्टरों ने आरोपी अखिलेश को अस्पताल से डिस्चार्ज किया, पीजीआई पुलिस ने उसे अस्पताल के बाहर से ही गिरफ्तार कर लिया।

आठ लोगों पर दर्ज है केस

पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में पकड़े गए आरोपी अखिलेश रावत ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि मृतक अभिषेक रावत के साथ उसकी पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अभिषेक पर जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे उसकी जान चली गई। इस मामले में पुलिस ने पुष्पा रावत की तहरीर पर अखिलेश रावत, अमन रावत, राधे सरकार उर्फ अभिषेक, अरुण रावत, अपिन लोधी, सचिन रावत, शिवम चटियार और राजू उर्फ रज्जा सहित कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या (धारा 103-1 बीएनएस) और दंगा भड़काने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

गैंगस्टर और लूट सहित 7 मुकदमों का पुराना इतिहास

गिरफ्तार किया गया मुख्य आरोपी अखिलेश रावत (उम्र 38 वर्ष) एक शातिर किस्म का अपराधी है। पीजीआई, गोसाईगंज और सुशांत गोल्फ सिटी थानों में उसके खिलाफ पहले से ही लूट (धारा 392), डकैती (धारा 395), जानलेवा हमला और बलवा करने से संबंधित करीब 7 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पीजीआई थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है और बाकी नामजद आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Also Read: महिला डॉक्टर की मौत के केस में BJP विधायक राजू सिंह को 4 साल की सजा, जाएगी विधायकी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.